पूर्व निर्धारित समय से करीब 7 सेकंड पहले पूरा किया हस्त मुद्राओं का प्रदर्शन, गुरु रमा पचीसिया के निर्देशन में दस वर्षों से ले रही हैं प्रशिक्षण
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। साधना जब हुनर के साथ जुड़ती है तो सफलता नए कीर्तिमान गढ़ती है। इसी का उदाहरण पेश करते हुए शहर की युवा कत्थक नृत्यांगना स्तुति बिड़ला ने अपनी असाधारण गति और सटीकता से एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाई है। उन्होंने महज 18 सेकंड 89 मिलीसेकंड में कत्थक की पारंपरिक हस्त मुद्राओं का प्रदर्शन कर पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। स्तुति की इस उपलब्धि ने भीलवाड़ा की सांस्कृतिक प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। इससे पहले भी स्तुति इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। स्तुति बिड़ला, श्रीमती सुनीता एवं सत्यनारायण बिड़ला की पुत्री हैं। उन्होंने पूर्व निर्धारित 26 सेकंड 20 मिलीसेकंड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए मात्र 18 सेकंड 89 मिलीसेकंड में यह उपलब्धि हासिल की। इस कीर्तिमान के पीछे उनकी नियमित साधना, कठिन अभ्यास और कत्थक के प्रति समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्तुति पिछले दस वर्षों से कत्थक गुरु रमा पचीसिया के निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। गुरु के मार्गदर्शन में उन्होंने शास्त्रीय नृत्य की बारीकियों को सीखा और अपनी कला को निरंतर निखारा। उनकी यह उपलब्धि गुरुजनों के मार्गदर्शन, माता-पिता के संस्कार और वर्षों की मेहनत का परिणाम है। रमा कत्थक संस्थान भीलवाड़ा की ऐसी विशिष्ट संस्था है, जो पूरी तरह कत्थक नृत्य को समर्पित है। संस्थान नई पीढ़ी को विशुद्ध एवं पारंपरिक शैली में शास्त्रीय नृत्य का प्रशिक्षण दे रहा है। संस्थान की नृत्यांगनाएं अब तक छह रिकॉर्ड उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। इनमें चार रिकॉर्ड इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और दो एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हैं। स्तुति की इस उपलब्धि से रमा कत्थक संस्थान सहित भीलवाड़ा और राजस्थान का गौरव बढ़ा है। उनकी सफलता शास्त्रीय नृत्य के प्रति नई पीढ़ी के बढ़ते रुझान और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।



Social Plugin