Image 1
Image 2
Image 3
Image 4
Image 5

भक्ति, संस्कृति और काव्य का संगम बना श्री चंवरा बालाजी का अन्नकूट महोत्सव, देर रात तक बही काव्य रसधारा


सुवालका परिवार के आयोजन में देश-प्रदेश के कवियों ने बांधा समां, सुंदरकांड पाठ के बाद बालाजी को अर्पित किया छप्पन भोग


भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और काव्य रसधारा का अनूठा संगम बडलियास क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चंवरा बालाजी मंदिर में देखने को मिला। मंदिर परिसर में आयोजित अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव की पूर्व संध्या पर आयोजित विशाल कवि सम्मेलन में हास्य, वीर रस और राजस्थानी संस्कृति से ओतप्रोत रचनाओं ने देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा। वहीं, दूसरे दिन सुंदरकांड पाठ, छप्पन भोग, महाआरती और विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अन्नकूट महोत्सव की पूर्व संध्या पर गेता पारोली निवासी सुवालका परिवार के श्यामलाल, रामेश्वरलाल (लालाजी) एवं समस्त परिवार के सानिध्य में कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें प्रसिद्ध हास्य कवि दीपक पारीक, सोहन चौधरी, मोहन पुरी, संजीव सुजल, कमलेश केकड़ी, मनीष सुखवाल, अंशुमान आजाद एवं ओम आदर्शी ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कवियों ने राजस्थानी संस्कृति, सामाजिक सरोकारों, वीर रस और हास्य-व्यंग्य की रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। वीर रस की कविताओं ने जोश का संचार किया तो हास्य रचनाओं पर पंडाल ठहाकों से गूंज उठा। राजस्थानी भाषा की प्रस्तुतियों ने स्थानीय संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक दिखाई। देर रात तक चले सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और काव्यप्रेमी मौजूद रहे। आयोजक परिवार के युवा सदस्य कमलेश सुवालका एवं राजा सुवालका ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव के दिन सुबह मंदिर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पाठ का श्रवण कर बालाजी महाराज के जयकारे लगाए। इसके बाद विधि-विधान से बालाजी महाराज को छप्पन भोग अर्पित किया गया। भव्य महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महाआरती के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। इसमें बडलियास सहित आसपास के गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। धार्मिक अनुष्ठानों, कवि सम्मेलन और भंडारे के माध्यम से आयोजन ने धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। आयोजन में सुवालका परिवार के श्यामलाल, रतनलाल, रामेश्वर लाल, गोपाल लाल, रामस्वरूप, छोटू लाल, भंवरलाल एवं सुनील ने व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने वाला सराहनीय प्रयास बताया।
Uploaded Image