नामांकन की तिथि घोषित, नामांकन से लेकर मतदान तक की तैयारियां तेज, पदाधिकारियों के चयन को लेकर समाज में बढ़ी सरगर्मी
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भीलवाड़ा में माहेश्वरी सभा जिला इकाई के आगामी सत्र 2026-2029 के लिए श्रृंखलाबद्ध चुनाव प्रक्रिया विधिवत रूप से प्रारंभ हो गई है। चुनाव को लेकर समाज के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मुख्य चुनाव अधिकारी रतन लाल मंडोवरा ने बताया कि भीलवाड़ा नगर सहित सभी तहसील सभाओं के चुनाव माह मई 2026 में पूर्ण कर क्षेत्रीय सभा, तहसील, भीलवाड़ा नगर सभा का विधिवत गठन किया जाएगा। इस हेतु भीलवाड़ा नगर के पंद्रह क्षेत्रीय सभाओ में आगामी रविवार से ही चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, साथ ही विभिन्न तहसील सभा के भी चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। उसके बाद तहसील प्रतिनिधियो का चयन कर तहसील सभाओं, व नगर प्रतिनिधियों का चुनाव कर नगर सभा भीलवाड़ा का गठन किया जाएगा। साथ ही नगर एवं तहसीलों से जिला सभा के आगामी सत्र 2026-2029 हेतु जिला प्रतिनिधियों का चुनाव कर जिला सभा का गठन किया जाना प्रस्तावित है। मंडोवरा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक और व्यवस्थात्मक तैयारियां भी की जा रही हैं, ताकि सभी चरण शांतिपूर्ण ढंग से पूरे हो सकें। वर्तमान में संपूर्ण जिले में महासभा की पोर्टल से प्राप्त सूची अनुसार सदस्यता नवीनीकरण कार्य पूर्ण होने आया है। चुनाव को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और संभावित प्रत्याशी भी सक्रिय नजर आ रहे हैं। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। चुनाव सम्पन्न होने के बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जो अगले तीन वर्षों तक समाज की गतिविधियों का संचालन करेगी।

Social Plugin