बाबा श्याम को लगाया अन्नकूट का भोग, श्री श्याम सेवा समिति ने श्रद्धा और उल्लास से मनाया उत्सव
अन्नकूट महोत्सव धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है : सुरेश पोद्दार
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। बाबा श्याम के जयकारों से गूंजता मंदिर परिसर, भक्ति में लीन श्रद्धालु और आस्था के साथ अर्पित अन्नकूट का भोग... रविवार को श्याम मंदिर काशीपुरी धाम में ऐसा ही भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्री श्याम सेवा समिति की ओर से आयोजित अन्नकूट महोत्सव में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने भाग लेकर बाबा श्याम के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। महोत्सव के तहत बाबा श्याम की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद उन्हें अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया। भोग के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही रही और पूरा वातावरण बाबा श्याम की भक्ति से सराबोर नजर आया। समिति अध्यक्ष सुरेश पोद्दार ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। बाबा श्याम के चरणों में अन्नकूट का भोग अर्पित कर सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। उन्होंने आयोजन में सहभागी बने श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। समिति के मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने कहा कि बाबा श्याम के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ही ऐसे धार्मिक आयोजनों की सबसे बड़ी प्रेरणा है। अन्नकूट महोत्सव केवल प्रसाद वितरण का आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामूहिक भक्ति का पर्व है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्याम प्रेमियों एवं सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।



Social Plugin