Image 1
Image 2
Image 3
Image 4
Image 5

बिरसा मुंडा की जयंती पर गूंजेगा जनजातीय गौरव का संदेश, भाजपा करेगी सात दिवसीय आयोजन

 

151वीं जयंती पर 15 नवंबर से जनजातीय गौरव दिवस और सप्ताह के होगे आयोजन, सांसद दामोदर अग्रवाल ने प्रेसवार्ता में बताई कार्यक्रमों की रूपरेखा

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीरता और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में केंद्र सरकार 15 दिवसीय जनजातीय गौरव पखवाड़ा और भाजपा सात दिवसीय जनजातीय गौरव सप्ताह आयोजित कर रही है। भीलवाड़ा में भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए जनजातीय महापुरुषों के योगदान, संस्कृति और परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यह जानकारी सांसद दामोदर अग्रवाल ने गुरुवार को जनसुनवाई केंद्र पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। सांसद अग्रवाल ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई से लेकर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष तक जनजातीय नायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन वीर नायकों के संघर्ष, बलिदान और योगदान को याद कर उन्हें इतिहास में उचित सम्मान और पहचान दिलाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। सांसद अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पिछले पांच वर्षों से मनाया जा रहा है। इस वर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती है। भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के लिए ईश्वर तुल्य हैं। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के साथ जनजातीय स्वाभिमान, सभ्यता और संस्कृति की रक्षा के लिए बड़ा आंदोलन छेड़ा और मात्र 25 वर्ष की आयु में देश के लिए शहीद हो गए। ऐसे महापुरुषों को समाज में उचित स्थान और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही हैं। भाजपा भी संगठन के स्तर पर सात दिवसीय जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से जनजातीय नायकों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। विशेष रूप से उन जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जहां जनजातीय आबादी 10 प्रतिशत से अधिक है। सांसद ने बताया कि भीलवाड़ा में भी 5 प्रतिशत से अधिक मतदाता जनजातीय समाज से जुड़े हैं। ऐसे में जिले में भी जागरूकता की आवश्यकता है। जनजातीय समाज के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर संस्कार उपलब्ध कराने के लिए भी इस अभियान के माध्यम से प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आमजन से अपील है कि वे इतिहास के वास्तविक तथ्यों को जानें, जनजातीय महापुरुषों के जीवन और संघर्ष का स्मरण करें तथा उनके प्रेरणादायी प्रसंगों और उदाहरणों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं। जनजातीय समाज के उत्थान में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। सांसद अग्रवाल ने कहा कि लंबे समय तक जनजातीय समाज और उसके नायकों की उपेक्षा हुई। इतिहास में कुछ परिवारों और व्यक्तित्वों तक ही सीमित महिमामंडन किया गया, जबकि जनजातीय समाज के अनेक महानायकों के योगदान को उचित स्थान नहीं मिल पाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब ऐसे गुमनाम और उपेक्षित जनजातीय वीरों के बलिदान एवं योगदान को सामने लाकर उन्हें नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी, वनवासी कल्याण परिषद के संयोजक रामप्रसाद अग्रवाल एवं सांसद प्रतिनिधि विनोद झुरानी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।                    

 


Uploaded Image