Image 1
Image 2
Image 3
Image 4
Image 5

मतदाता सूची में बढ़े 32,795 नाम, अब दावे-आपत्तियों का दौर शुरू, 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम सूची


जिला निर्वाचन अधिकारी संधू ने राजनीतिक दलों की बैठक लेकर पुनरीक्षण कार्यक्रम की दी जानकारी

 

सात विधानसभा क्षेत्रों में 2198 मतदान बूथों पर चलेगा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 शुरू हो गया है। गुरुवार को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। जिले की प्रारूप मतदाता सूची में 18 लाख 14 हजार 190 मतदाता दर्ज हैं। पिछली अंतिम सूची की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 32 हजार 795 की शुद्ध वृद्धि हुई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के संदर्भ में आयोजित कार्यक्रम को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक हुई। इसमें पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी, मतदाता पंजीकरण और दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को किया गया है। मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 18,14,190 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,22,823 पुरुष और 8,91,367 महिला मतदाता शामिल हैं। जिले का लिंगानुपात 963 से बढ़कर 966 हो गया है, जबकि मतदाता-जनसंख्या अनुपात 619 दर्ज किया गया है। जिले में 1531 मतदान केंद्र लोकेशन पर कुल 2198 मतदान बूथ स्थापित हैं। इन पर 2198 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं 226 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बीएलए-1 के माध्यम से बीएलए-2 की नियुक्ति निर्धारित प्रपत्र में करने की प्रक्रिया बताई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रकाशित मतदाता सूची की पेन ड्राइव भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई। प्रारूप सूची की प्रतियां संबंधित विधानसभा मुख्यालयों पर ईआरओ (एसडीएम) के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में बताया गया कि नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्रारूप-6, अप्रवासी भारतीयों के पंजीकरण के लिए प्रारूप-6ए तथा मतदाता सूची में दर्ज नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 का उपयोग किया जाएगा। वहीं, निवास स्थान बदलने, मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन, डुप्लीकेट वोटर आईडी कार्ड जारी करवाने एवं दिव्यांग मतदाताओं के चिह्नांकन के लिए प्रारूप-8 भरना होगा। नए मतदाताओं को प्रारूप-6 के साथ घोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान आम मतदाताओं की सहायता के लिए जिला मुख्यालय पर संपर्क केंद्र स्थापित किया गया है। यहां सुबह 9 से शाम 6 बजे तक 01482-220093 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1950 की सुविधा भी उपलब्ध है। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी संधू ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने और पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की। इस दौरान एडीएम प्रशासन डॉ. हरितिमा, चुनाव शाखा से कैलाश सहित बीएसपी के किशन लाल कीर, आईएनसी के मुश्ताक अली मंसूरी एवं ईश्वर खोईवाल, भाजपा के दुर्गेश शर्मा एवं आरएन व्यास तथा आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।                                    
Uploaded Image