अखिल भारतीय मारवाड़ी भीलवाड़ा महिला समिति की अनूठी पहल, गाडोलिया लोहार समाज की महिलाओं को दिया पाककला प्रशिक्षण
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) । पीढ़ियों से हथौड़ी की चोट से लोहे को आकार देने वाले हाथ जब रसोई में पहुंचे तो हुनर का एक नया रंग देखने को मिला। अखिल भारतीय मारवाड़ी भीलवाड़ा महिला समिति की ओर से गाडोलिया लोहार समाज की महिलाओं के लिए पाककला प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाराणा प्रताप के वंशजों की गौरवशाली परंपरा से जुड़े इस समाज की महिलाओं को रोटी बनाने के साथ विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। महिलाओं ने उत्साह के साथ पाककला की बारीकियां सीखीं और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। यह पहल केवल खाना बनाने का प्रशिक्षण नहीं, बल्कि समाज की महिलाओं को नए कौशल से जोड़ने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास रही। जिन हाथों ने पीढ़ियों से तपते लोहे को पीटकर औजार और उपयोगी वस्तुएं बनाई हैं, उन्हीं हाथों ने अब चूल्हे की आंच पर स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करने की कला भी सीखी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष मधु लढा, सचिव अनुपमा मंत्री, सह सचिव निर्मला बाहेती, सह पर्यावरण प्रमुख चेतना बसेर, कार्यालय संगिनी मधु हिंगड़ एवं भावना बांगड़ सहित समिति की सभी सदस्यों ने महिलाओं को प्रशिक्षण दिया और उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि हुनर किसी जाति, पेशे या परंपरा की सीमाओं में बंधा नहीं होता। सीखने की ललक और मेहनत का जज्बा हो तो हाथ हर क्षेत्र में अपनी नई पहचान बना सकते हैं। हथौड़ी से लोहा गढ़ने वाले हाथों का रसोई में व्यंजनों का स्वाद रचना इसी बदलते हुनर और नई संभावनाओं की खूबसूरत मिसाल बना।



Social Plugin