पूर्वांचल जन चेतना समिति का दो दिवसीय छठ महोत्सव आयोजन शुरू
एक साल में स्थायी छठ घाट बनाने की घोषणा, लोक आस्था और संस्कृति का संगम बना छठ महोत्सव, आज होगा देवी-देवताओं की लीलाओं का मंचन
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भोजपुरी गीतों की गूंज, पारंपरिक छठ गीतों की स्वर लहरियां और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच भीलवाड़ा में छठ महोत्सव की रौनक छा गई। पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित दो दिवसीय महोत्सव के पहले दिन मानसरोवर झील प्रांगण में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। फिल्म एवं ओटीटी अभिनेत्री भारती मेहता और भोजपुरी अभिनेत्री नैना सिंह की मौजूदगी ने आयोजन का आकर्षण बढ़ाया। मानसरोवर झील प्रांगण में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भोजपुरी गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। महोत्सव के जरिए पूर्वांचल की लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया गया। पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष रजनीश वर्मा ने बताया कि पूर्वांचल की लोक संस्कृति, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन खरना के बाद शाम 7 से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक संध्या हुई। दिल्ली के टीजे एंटरटेनमेंट के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में फिल्म एवं ओटीटी अभिनेत्री भारती मेहता और भोजपुरी अभिनेत्री नैना सिंह मुख्य आकर्षण रहीं। वहीं गायक त्रिलोक झा, संजना और श्याम सिंह ने पारंपरिक छठ गीतों की प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया। भोजपुरी गीतों की धुन पर श्रोता झूमते नजर आए। नृत्यांगनाओं यीशु गुप्ता और आरोही ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। महोत्सव के दूसरे दिन 15 नवंबर को शाम 7 से रात 10 बजे तक लेबर कॉलोनी स्थित श्रम कल्याण केंद्र मैदान में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होगा। समीर शर्मा एंटरटेनमेंट के माध्यम से वृंदावन से आए कलाकार देवी-देवताओं की लीलाओं का नाटकीय मंचन करेंगे। कार्यक्रम में आयोजन समिति की ब्रांड एंबेसडर अनोखी राजस्थानी, क्षेत्रीय पार्षद सहित दिनेश साहनी, बबलू सिंह, अनुराधा झा, शिल्पी सिंह, राकेश मानसिंहका, ललित अग्रवाल सहित समिति के कई पदाधिकारी और शहरवासी मौजूद रहे। संस्थापक अध्यक्ष रजनीश वर्मा ने शहर में स्थायी छठ घाट निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लंबे समय से प्रशासन से छठ पूजा के लिए स्थायी घाट बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल नहीं होती है तो प्रशासन की सहमति लेकर आगामी एक वर्ष में समिति अपने स्तर पर स्थायी छठ घाट का निर्माण करवाएगी, ताकि पूर्वांचल समाज के लोगों को छठ पूजा के लिए स्थायी सुविधा मिल सके।



Social Plugin