जिला कांग्रेस कार्यालय में बाल दिवस पर मनाई पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती, कांग्रेसजनों ने किया पुष्पांजलि अर्पित कर नमन
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। आधुनिक भारत की नींव रखने वाले देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी, भीलवाड़ा शहर की ओर से गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने नेहरूजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए उनके बताए लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी, भीलवाड़ा शहर के अध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक के नेतृत्व एवं सानिध्य में हुआ। इस दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान, त्याग, समर्पण और ऐतिहासिक कार्यों को याद किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद नेहरूजी ने आधुनिक भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला रखी। शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उनके दूरदर्शी प्रयासों ने देश को नई दिशा दी। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह और लगाव के चलते ही उनकी जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। जिलाध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक ने कहा कि नेहरूजी के विचार आज भी देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में कुणाल ओझा, सेवादल जिलाध्यक्ष योगेश सोनी, पूर्व प्रधान भंवरलाल गर्ग, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष डॉ. फरियाद मोहम्मद, गोपाल खटीक, शिक्षक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश अमरवाल, मुस्ताक अली मंसूरी, सेवादल महासचिव शिवराज सुराणा, भगवतीलाल, कैलाश कोली, उदयलाल, चुनीलाल खटीक, ज्ञानमल खटीक, लाजपत राय आचार्य, उमेश शर्मा, सुनील रांका, संदीप टेलर, विनोद पाण्डेय एवं तरुण कुमार सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन, विधायक प्रत्याशी, पीसीसी सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष, मंडल एवं वार्ड अध्यक्ष, प्रकोष्ठों एवं विभागों के पदाधिकारी, पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में शिवराम जीपी खटीक ने सभी का आभार व्यक्त किया और संगठन की एकजुटता एवं मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उपस्थित कांग्रेसजनों ने नेहरूजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।



Social Plugin