लहरिया थीम पर हाउजी, मनोरंजक गेम्स व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; स्वच्छ भारत मिशन पर हुई सार्थक चर्चा
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। तेरापंथ महिला मंडल, भीलवाड़ा द्वारा सावन माह के उपलक्ष्य में “सावन स्पेशल गेट-टु-गैदर” का आयोजन रायला टोल स्थित निजी फार्म पर उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में मंडल की सौ से अधिक सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ तेरापंथ भवन, नागोरी गार्डन में विराजित मुनि श्री यशवंत कुमार जी ठाणा-2 के मंगल पाठ श्रवण के साथ हुआ। सभी सदस्याएँ बस द्वारा आयोजन स्थल के लिए रवाना हुईं। आयोजन के दौरान मंडल की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ स्वच्छ भारत अभियान मिशन पर सार्थक चर्चा की गई। इसके पश्चात विविध मनोरंजक प्रतियोगिताओं, रोचक गेम्स, आध्यात्मिक हाउजी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना दिया। संयोजक नेहा ओस्तवाल एवं नेहा बुरड़ द्वारा लहरिया थीम पर विशेष हाउजी का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गेम्स में विजेता प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष अमिता बाबेल एवं मंत्री सुमन लोढ़ा के नेतृत्व में आयोजित हुआ। अध्यक्ष अमिता बाबेल ने सभी सदस्याओं का स्वागत किया । आनंदबाला टोडरवाल एवं विमला रांका ने छोटे-छोटे एक्ट एवं हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुतियों से सभी को खूब गुदगुदाया। वहीं युवती मंडल की ज्योति दुगड़ एवं मोनिका दुगड़ ने लघु नाटिका प्रस्तुत कर सभी का भरपूर मनोरंजन किया। मधु ओस्तवाल का भी आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहमंत्री सुमन दुगड़ एवं प्रचार-प्रसार मंत्री अनीता सिंघवी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सावन की हरियाली, लहरिया थीम, मनोरंजक गतिविधियों और बहनों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से पूरा आयोजन आनंद, उमंग और आत्मीयता का यादगार संगम बन गया।




Social Plugin