Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भोपालगंज माहेश्वरी महिला संगठन ने मनाया सतरंगी सावन उत्सव, तीज क्वीन प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र

 

तीज क्वीन, आशु अभिनय पूजा थाली सजाओ प्रतियोगिता में महिलाओं ने दिखाया हुनर, विजेताओं का हुआ सम्मान

 

तीज क्वीन सुचिता कास्ट बनीं विजेता, पूजा थाली सजाओ में शताक्षी नुवाल अव्वल, कथक की उपलब्धि पर दिव्यांशा सोमानी का किया सम्मान

 

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) सावन के रंग, उत्साह और उमंग से भोपालगंज माहेश्वरी महिला संगठन का माहौल सतरंगी हो उठा। अध्यक्ष सुमन सोमानी के सानिध्य में आयोजित सतरंगी सावन उत्सवमें संगठन की सदस्याएं रंग-बिरंगी लहरिया पोशाकों में सज-धजकर पहुंचीं। कार्यक्रम में तीज क्वीन, आशु अभिनय एवं पूजा थाली सजाओ प्रतियोगिताओं के साथ सावन से जुड़ी प्रश्नोत्तरी का आयोजन हुआ। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। सचिव शीतल जागेटिया ने बताया कि आशु अभिनय प्रतियोगिता में उपस्थित सदस्याओं के अलग-अलग समूह बनाए गए और उन्हें सावन से संबंधित शब्दों पर अभिनय के माध्यम से प्रस्तुति देने का अवसर दिया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो समूहों को पुरस्कृत किया गया। तीज क्वीन प्रतियोगिता में सुचिता कास्ट प्रथम एवं शताक्षी नुवाल द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं तीज की पूजा थाली सजाओ प्रतियोगिता में शताक्षी नुवाल ने प्रथम तथा मेघा तोषनीवाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान बीच-बीच में सावन से संबंधित रोचक प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई, जिसमें सदस्याओं ने उत्साह से भाग लिया। आशु अभिनय एवं तीज क्वीन प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में रीना डाड एवं निशा सोनी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्षा वीणा मोदी एवं सचिव विनीता तोषनीवाल ने शिरकत की। कार्यकारिणी सदस्यों अंजना मालू, अर्चिता झंवर, ललिता सोमानी, आशा देवपूरा, सुनीता सोमानी, सत्यम मूंदड़ा, लीला सोमानी, पिंकी सोमानी एवं शिल्पा जैथलिया ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में भोपालगंज की सुश्री दिव्यांशा सोमानी को कथक नृत्य के क्षेत्र में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दिव्यांशा, भोपालगंज माहेश्वरी महिला संगठन की सदस्य सविता सोमानी की सुपुत्री हैं। उनकी उपलब्धि पर संगठन की सदस्याओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मान की कड़ी में महेश नवमी के अवसर पर आयोजित महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में भोपालगंज माहेश्वरी महिला क्रिकेट टीम के विजेता बनने पर पूरी टीम को पुरस्कृत किया गया। अध्यक्ष सुमन सोमानी ने भी व्यक्तिगत रूप से टीम को सम्मानित कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में संगठन की सभी सदस्याओं का सक्रिय एवं पूर्ण सहयोग रहा। अंत में अतिथियों की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पारितोषिक प्रदान किए गए। अध्यक्ष सुमन सोमानी ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन स्नेह भोज के साथ हुआ, जिसका सभी ने आनंद लिया। सतरंगी परिधानों, तीज की परंपराओं, मनोरंजक प्रतियोगिताओं, प्रतिभा सम्मान और आपसी स्नेह से सजा यह सावन उत्सव सभी के लिए यादगार बन गया।



Uploaded Image