माय भारत केंद्र के कार्यक्रम में कॉलेज परिसर में देखा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं व विजेताओं का सम्मान
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव: प्रधानमंत्री मोदी
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र के तत्वावधान में विद्या प्रोफेशनल एंड टेक्निकल कॉलेज नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का प्रमुख केंद्र बना। कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन का प्रसारण किया गया, वहीं जिला स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं में नशामुक्ति का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता ने आयोजन को प्रेरणादायी बना दिया। इस दौरान युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी 100 सप्ताह तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन है, जिसके माध्यम से देशभर में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला युवा अधिकारी रचना शर्मा ने अतिथियों के स्वागत के साथ की। उन्होंने नशामुक्ति अभियान एवं माय भारत पोर्टल की जानकारी देते हुए युवाओं से अधिकाधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और नशे से दूर रहकर ही वे अपने परिवार, समाज और राष्ट्र को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर नशामुक्त युवा-विकसित भारत विषय पर जिला स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। प्रतिभागियों ने भाषण, कविता, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक, संगीत, नृत्य, स्लोगन लेखन तथा रील एवं शॉर्ट फिल्म जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता, जो राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भीलवाड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे, उनमें भाषण प्रतियोगिता में खुशी शर्मा, कविता पाठ में आयुषी व्यास, रील एवं शॉर्ट फिल्म में राहुल बैरवा, नुक्कड़ नाटक में लक्ष्मी एवं ग्रुप, पेंटिंग में अश्लेषा अग्रवाल, स्लोगन लेखन में नित्या मल्होत्रा, संगीत प्रतियोगिता में राजकुमार खटीक तथा नृत्य प्रतियोगिता में विद्या एवं ग्रुप प्रथम रहे। समापन सत्र में सांसद दामोदर अग्रवाल सहित उपस्थित अतिथियों ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही सभी युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव रमेश मुंदड़ा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक राम अवतार जाट, विद्या प्रोफेशनल एंड टेक्निकल कॉलेज की डायरेक्टर गीता चौधरी, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अशोक चौधरी, प्राचार्य डॉ. जसवंत सिंह चौहान सहित कॉलेज स्टाफ, माय भारत के जगदीश शर्मा, बालूलाल वैष्णव तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शुभम ओझा ने किया।




Social Plugin