Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुई साप्ताहिक शिव महापुराण कथा, श्रद्धा-भक्ति से गूंजा गोपाल द्वारा मंदिर



सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर निकाली शोभायात्रा, 9 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 2 से 5 बजे तक होगा कथा अमृतपान

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
श्रावण मास के पावन अवसर पर श्री गोपाल द्वारा मंदिर एवं संपत्ति ट्रस्ट के तत्वावधान में सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ साप्ताहिक शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर बडे मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली। भगवान भोलेनाथ के जयघोष, भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की मंगल ध्वनि से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। कलश यात्रा बड़े मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नाला बाजार होते हुए कथा स्थल श्री गोपाल द्वारा मंदिर परिसर पंहुची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। श्रद्धा और आस्था से सराबोर इस यात्रा में महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा के उपरांत कथा स्थल पर विधिवत व्यास पीठ पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस व्यास पीठ पर विराजमान स्वामी मणि महेश चैतन्य महाराज (श्री पशुपतिनाथ महादेव चैतन्य आश्रम, नेपालपुरी, मंदसौर) ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि श्रावण मास में शिव कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन को पवित्र एवं मंगलमय बनाता है। शिव भक्ति से व्यक्ति के जीवन के कष्ट दूर होते हैं तथा उसे आध्यात्मिक शांति और मोक्ष का मार्ग प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव सहज, सरल एवं भोलेनाथ हैं, जो सच्चे मन से की गई आराधना से शीघ्र प्रसन्न होकर अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से शिव महिमा का श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। श्री गोपाल द्वारा मंदिर एवं संपत्ति ट्रस्ट के अध्यक्ष केदारमल जागेटिया ने बताया कि साप्ताहिक शिव महापुराण कथा 9 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक बड़े मंदिर परिसर में आयोजित होगी। कथा के दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रसंगों के साथ शिव भक्ति, संस्कार एवं सनातन संस्कृति पर आधारित प्रेरक प्रवचन होंगे। श्री गोपाल द्वारा बड़े मंदिर एवं संपत्ति ट्रस्ट ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित उपस्थित होकर शिव महापुराण कथा का श्रवण करने एवं धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है। कथा के प्रथम दिवस श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन को भव्य एवं आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर छीतरमल बाहेती, अशोक काबरा, रमेश बाहेती, सत्यनारायण तोतला, आदित्य मालीवाल, संजय लाहोटी, जगदीश लाहोटी, रामनारायण बाहेती, कालू सोनी, शिव बिड़ला, कल्याणमल तोषणीवाल, सुरेश सेन, गोपाल जागेटिया, स्नेहलता, मंगला सोनी, गौरी लाहोटी, मंजू बाहेती  सहित कई श्रद्धालू मौजूद रहे।

 
Uploaded Image Uploaded Image