Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

समाज की सेवा मेरे लिए सम्मान से बढ़कर जिम्मेदारी: लीलाराम सबनानी अध्यक्ष

 

 

 

सिंधी सेंट्रल पंचायत की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, सबनानी अध्यक्ष, चंदवानी महामंत्री निर्वाचित

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) सिंधी सेंट्रल पंचायत की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को हरी सेवा धाम सभागार में हर्षाेल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में संत-महात्माओं, वरिष्ठ समाजजनों, जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में युवा साथियों की उपस्थिति रही। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने समाज की एकता, सेवा, विकास और उत्थान के लिए निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ ली। समारोह में विशिष्ट अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज, दुर्गा माता मंदिर की पारो माता एवं विधायक अशोक कोठारी सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी नवनियुक्त मीडिया प्रभारी भगवान मेठानी ने दी। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज ने कहा कि सिंधी समाज की एकता ही सर्वाेपरि है। समाज की ताकत उसकी एकजुटता में है। उन्होंने कहा कि समाज में कुछ ऐसे तत्व भी होते हैं, जो अच्छे कार्यों में बाधा उत्पन्न करते हैं और किसी को आगे बढ़कर कार्य करने से रोकते हैं। अब ऐसे लोगों को सही दिशा दिखाने और समाजहित में सकारात्मक वातावरण तैयार करने का समय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि समाजहित से जुड़े कार्यों में जहां भी कोई बाधा आएगी, वहां वे सदैव समाज और सिंधी सेंट्रल पंचायत के साथ खड़े रहेंगे तथा हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे। महामंडलेश्वर ने पूर्व में संविधान में आवश्यक संशोधनों को लेकर आयोजित बैठक का उल्लेख करते हुए पंचायत के अध्यक्ष से संविधान की समीक्षा कर उसमें आवश्यक सुधार करने का आग्रह किया। इस पर अध्यक्ष ने सहमति जताते हुए कहा कि शीघ्र ही बैठक आयोजित कर संविधान की समीक्षा की जाएगी तथा जो भी कमियां होंगी, उन्हें दूर कर आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। विधायक अशोक कोठारी ने पंचायत की नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाजहित से जुड़े किसी भी कार्य में उनकी ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह में महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज ने अध्यक्ष सहित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता तथा समाजहित में निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ दिलाई। नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष लीलाराम सबनानी, महामंत्री चंद्रप्रकाश चंदवानी, सचिव लक्ष्मणदास लालवानी, सहमंत्री महेश खोतानी, प्रचार मंत्री भगवान मेठानी, संगठन मंत्री राजकुमार केसवानी एवं गुलशन विधानी, कोषाध्यक्ष अनिल झामनानी तथा लेखा निरीक्षक सुगना कलवानी शामिल हैं। परामर्शदाता के रूप में मनोहर बदलानी एवं जितेंद्र मोटवानी को जिम्मेदारी दी गई है। कार्यकारिणी सदस्यों में चंद्र संगतानी, डॉ. गिरीश दत्ता, राम जेठानी, पुरुषोत्तम नथरानी, परमानंद गुरनानी, तुलसीदास बहरवानी, अवताराम फगनानी एवं चंद्रप्रकाश मोतियानी शामिल हैं। एक उपाध्यक्ष का पद फिलहाल रिक्त रखा गया है, जिसे आगामी समय में मनोनीत किया जाएगा।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष सबनानी ने समाज के अग्रजों, अनुजों, मातृशक्ति, युवाओं एवं संतों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुनकर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान से अधिक सेवा, जिम्मेदारी और समाज के प्रति समर्पण का अवसर है। उन्होंने कहा कि वे समाज द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करेंगे। वर्तमान विधान के अनुसार अध्यक्ष सहित 21 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया गया है। आगामी 2 से 3 माह में कार्यकारिणी का विस्तार कर इसे 71 सदस्यीय बनाया जाएगा। इसमें समाज के योग्य, अनुभवी एवं सक्रिय सदस्यों को शामिल किया जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि भीलवाड़ा शहर के बढ़ते विस्तार को देखते हुए विभिन्न क्षेत्रों एवं कॉलोनियों में सिंधी सेंट्रल पंचायत की 5 से 7 शाखाएं स्थापित की जाएंगी। ये शाखाएं पंचायत के मार्गदर्शन में स्थानीय समाजबंधुओं के सहयोग से कार्य करेंगी, ताकि समाज की सेवाएं प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक परिवार तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि पंचायत केवल एक संस्था के रूप में नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जोड़ने वाले मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेगी। सामाजिक जरूरतों, समस्याओं और सेवा कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर सक्रिय व्यवस्था विकसित की जाएगी। कार्यकारिणी के शपथग्रहण समारोह में चुनाव संयोजक हेमनदास भोजवानी, संत मायाराम, शंकरलाल मेठानी, हरिकिशन चंदवानी, लालचन्द नथरानी, हरीश मानवानी, हीरालाल गुरनानी, हरीश सखरानी, ईश्वर आसनानी, मोहन सबनानी, हरीश काकानी, वीरूमल पुरसानी, कमल वैशनानी, सुभाष गुरनानी समेत सैकड़ों की संख्या में समाजजन मौजूद थे। संचालन ओम गुलाबानी ने किया। साथ ही सभी मंदिरों के प्रमुख उपस्थित रहे।              

Uploaded Image