Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

रायला क्षेत्र में होटल-ढाबों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, पनीर-मिर्च पाउडर व ग्रेवी के नमूने लिए


साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर होटल को सुधारात्मक नोटिस, नमूने जांच के लिए अजमेर भेजे

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न होटल एवं ढाबों का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। टीम ने हैप्पी लाइफ होटल से पनीर एवं मिर्च पाउडर के नमूने लिए। वहीं होटल तैराना, रायला से ग्रेवी का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान होटल में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित फर्म को सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया तथा आवश्यक स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में चौपाल ढाबा, रायला से पनीर का नमूना लिया गया। विभाग द्वारा लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूनों को गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव ने खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छता एवं साफ-सफाई के निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।  
Uploaded Image Uploaded Image