Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

नेत्रदान महादान के संकल्प को साकार करता बाल्दी परिवार, मरणोपरांत किया नेत्रदान


दो नेत्रहीनों को मिलेगी नई रोशनी, समाज के लिए बना प्रेरणास्पद उदाहरण

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। शहर के आरसी व्यास कॉलोनी निवासी स्वर्गीय जगदीश प्रसाद बाल्दी का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। दुःख की इस घड़ी में भी बाल्दी परिवार ने मानवता और सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए मरणोपरांत नेत्रदान का पुण्य कार्य किया। स्वर्गीय जगदीश प्रसाद बाल्दी के पुत्र अजय बाल्दी एवं बाल्दी परिवार के रमेश चंद्र, सत्यनारायण, शिवनारायण ने अंधत्व निवारण के उद्देश्य से नेत्रदान के लिए सहमति प्रदान की। परिवार के इस निर्णय की समाज में सराहना की जा रही है। भारत विकास परिषद वीर शिवाजी शाखा के सहयोग से आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, जयपुर (भीलवाड़ा चैप्टर) एवं लायंस आई बैंक की टीम के सहयोग से नेत्रदान किया गया। लायन राकेश पगारिया ने बताया कि डॉक्टर प्रतिष्ठा छिपा के निर्देशन में आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, जयपुर के नेत्र सहायक चेतन भट्ट ने आरसी व्यास कॉलोनी निवास पर पहुंचकर नेत्र उत्सर्जन की प्रक्रिया संपन्न की। प्राप्त कॉर्निया को सुरक्षित रूप से जयपुर भेजा गया, जहां इनसे दो नेत्रहीन व्यक्तियों को नेत्र ज्योति प्रदान करने का पुनीत कार्य किया जाएगा। मीडिया प्रभारी मनीष बंसल ने बताया है कि इस अवसर पर भारत विकास परिषद प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी महेश जाजू एवं वीर शिवाजी शाखा के अध्यक्ष कमलेश बोडाना, सचिव पंकज अग्रवाल, सह सचिव हरीश अग्रवाल, पुनीत भूतड़ा, योगेश मित्तल, हितेश तोषनीवाल व परिषद के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। लायंस आई बैंक परिवार ने दिवंगत जगदीश प्रसाद जी बाल्दी परिवार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बाल्दी परिवार के इस अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी निर्णय के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। लायन पवन पंवार एवं कमलेश बोडाना ने यह भी कहा कि नेत्रदान महादान है और ऐसे प्रेरणादायी कार्य समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ अनेक जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई रोशनी ला सकते हैं। बाल्दी परिवार द्वारा किया गया यह कार्य निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है।               
Uploaded Image