हीट वेव तैयारियों, लाडो प्रोत्साहन योजना एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुधारने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बुधवार को सुवाना ब्लॉक के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को प्रदान किए। सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने पीएचसी दाथल, पीएचसी आमलीगढ़, पीएचसी मंगरोप एवं ब्लॉक कार्यालय सुवाना का दौरा किया। उन्होंने अस्पतालों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। साथ ही चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्थानों में आने वाले प्रत्येक मरीज का समुचित स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुवाना डॉ. अंकित शर्मा सहित अन्य अधिकारी व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। गर्मी के मौसम एवं हीट वेव की स्थिति को देखते हुए सीएमएचओ ने चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया तथा दवाइयों, पेयजल, शीतलन व्यवस्था एवं अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने लाडो प्रोत्साहन योजना की भी समीक्षा की गई। उन्होंने प्रथम एवं द्वितीय किश्त से वंचित लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ दिलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही अतिरिक्त एनसीडी कार्यक्रम सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर उन्होंने आवश्यक सुधार लाने एवं आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

Social Plugin