नगर माहेश्वरी महिला संस्थान का दो रातों का सांस्कृतिक महाकुंभ शुरू
‘भक्ति बीट्स विद गरबा फीट्स’ का आगाज, सर्वेश वर्मा और रामम बैंड ने बांधा समां, जेन-जी से बुजुर्गों तक भक्ति की मस्ती
महिलाओं की ताकत, भक्ति का रंग, आज गरबा प्रतियोगिता में दिखेगा रंगारंग उत्साह
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भक्ति के सुर, संगीत की मस्ती और महिलाओं की संगठन शक्ति का अनूठा संगम बुधवार को रामेश्वरम में देखने को मिला। नगर माहेश्वरी महिला संस्थान के सान्निध्य में आरकेआरसी व्यास नगर माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘भक्ति बीट्स विद गरबा फीट्स-वन सेलिब्रेशन, टू मैजिकल नाइट्स’ के पहले दिन हजारों लोग उमड़े। प्रसिद्ध गायक सर्वेश वर्मा और रामम बैंड की भजन प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि युवा पीढ़ी से लेकर बुजुर्ग तक भक्ति के रंग में रंगकर झूम उठे। आयोजन को लेकर शहर में ऐसा उत्साह रहा कि कार्यक्रम शुरू होने के बाद भी लोग टिकट और पास के लिए पूछताछ करते रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायक सर्वेश वर्मा और उनका रामम बैंड रहे। गणेश वंदना और महेश वंदना के साथ भजन संध्या की शुरुआत हुई तो रामेश्वरम परिसर भक्तिमय हो उठा। सुमधुर भजनों, संगीत की लय और तालियों की गूंज के बीच हर आयु वर्ग के लोग उत्साह से झूमते नजर आए। भक्ति और आधुनिक संगीत के मेल ने आयोजन को खास बना दिया। परिसर में उमड़ी भीड़ के चलते माहौल उत्सवमय हो गया। आरकेआरसी व्यास नगर माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष पल्लवी लढा ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से आधुनिक अंदाज में जोड़ना है। वहीं, नगर माहेश्वरी महिला संस्थान की अध्यक्ष वीणा मोदी ने आयोजन की सफलता का श्रेय माहेश्वरी महिलाओं की एकजुटता, समर्पण और बेहतरीन प्रबंधन को दिया। महिलाओं के सामूहिक प्रयासों ने इस सांस्कृतिक आयोजन को शहर में विशेष पहचान दिलाई। महोत्सव में भीलवाड़ा महापौर जसवंत कंवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, चित्तौड़गढ़ सभापति अनिल इनानी, कैलाश कोठारी, राधेश्याम चेचाणी, श्रीगोपाल राठी, सुरेश कचोलिया, सीमा कोगटा, शिखा भदादा, भारती बाहेती, निशा काकाणी, कृष्णा राठी, अशोक बाहेती, ओम नराणीवाल, राजेन्द्र कचोलिया, योगेश लढ़ा, केदारमल जागेटिया, सुरेश बिरला, गोपाल नरानीवाल, अतुल राठी, सत्यनारायण डाड, भेरूलाल काबरा, कमल सोनी, सचिन काबरा, अर्चित मूंदड़ा, अंकित लखोटिया सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में सचिव विनीता तोषनीवाल सहित रंजना बिरला, निशा सोनी, लीना कोठारी, सुमित्रा भदादा, नीलम दरगड़, अनु मोदी, चेतना बसेर, मीनू झंवर, सुनीता नराणीवाल, चंद्रकांता गगरानी, चेतना जागेटिया, सुमित्रा दरगड़ और वंदना नुवाल सहित दोनों संगठनों की पूरी महिला टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। पहले दिन भजन जैमिंग की शानदार सफलता के बाद गुरुवार, 15 अक्टूबर को महोत्सव के दूसरे दिन क्षेत्रीय गरबा प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें विभिन्न क्षेत्रीय सभाओं की टीमें पारंपरिक परिधानों में गरबा और डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियां देंगी। पहले दिन भक्ति संगीत से सराबोर हुआ रामेश्वरम परिसर अब गरबा और डांडिया की थाप पर रंगारंग उत्सव का गवाह बनेगा।




Social Plugin