Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

हुनर की पाठशाला बनी ब्राइट स्टाइल फैक्ट्री, कक्षा से निकलकर लिया आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान

समग्र शिक्षा के अंतर्गत एमजी रा.वि. पुर की छात्राओं को कराया औद्योगिक भ्रमण

 

 61 छात्राओं ने देखा उद्योग का कामकाज, सौर ऊर्जा से कपड़ा उत्पादन तक समझी तकनीक

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। व्यावसायिक शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय छात्राओं को उद्योग का प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, पुर की छात्राओं ने मांडल की ब्राइट स्टाइल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में पहुंचकर कपड़ा निर्माण, आधुनिक तकनीक और ऊर्जा संरक्षण की जानकारी प्राप्त की। फैक्ट्री की मशीनों की आवाज, कपड़ा तैयार होने की प्रक्रिया और सौर ऊर्जा से चलती तकनीक... महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, पुर की छात्राओं के लिए यह महज भ्रमण नहीं, बल्कि व्यावसायिक शिक्षा का प्रत्यक्ष अनुभव रहा। व्यावसायिक प्रशिक्षक सुनीता पलोड ने बताया की समग्र शिक्षा के अंतर्गत महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, पुर की कक्षा 9वीं एवं 10वीं की 61 छात्राओं को व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ते हुए औद्योगिक भ्रमण कराया गया। प्रधानाचार्य इरशाद आलम काजी ने हरी झंडी दिखाकर छात्राओं के भ्रमण दल को रवाना किया। भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को कक्षा में प्राप्त व्यावसायिक शिक्षा का उद्योग जगत से सीधा व्यावहारिक अनुभव कराना रहा। कौशल मित्र राजेश शर्मा, व्यावसायिक प्रशिक्षक सुनीता पलोड़ एवं भावना शर्मा के मार्गदर्शन में छात्राओं ने मांडल स्थित ब्राइट स्टाइल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री का भ्रमण किया। फैक्ट्री पहुंचने पर मालिक हरिप्रसाद अग्रवाल, फैक्ट्री इंचार्ज महावीर जैन एवं अकाउंट्स हेड सुरेंद्र कुमार डाड ने छात्राओं का स्वागत किया। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने धागे से कपड़ा तैयार होने की पूरी प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा। उन्होंने उद्योग में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीक, मशीनों और कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली। छात्राओं को सौर ऊर्जा से संचालित एयर कंप्रेशर का अवलोकन कराते हुए सौर ऊर्जा के उपयोग, विद्युत बचत और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में बताया गया। औद्योगिक भ्रमण के बाद छात्राओं ने खंडेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन किए। इसके बाद मांडल स्थित ऐतिहासिक 32 खंभों की छतरी का भ्रमण कर उसके ऐतिहासिक एवं स्थापत्य महत्व की जानकारी प्राप्त की। छात्राओं के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। भ्रमण दल इसके बाद पुर के लिए रवाना हुआ। विद्यालय प्रशासन के अनुसार भ्रमण के माध्यम से छात्राओं को व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास, आधुनिक तकनीक, उद्योग जगत की कार्यप्रणाली तथा सौर ऊर्जा के व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराया गया।                    
Uploaded Image