Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

जागेटिया परिवार को आचार्य जगद्गुरु स्वामी रामदयाल महाराज ने किया सम्मानित


पुण्यतिथि पर सेवा की मिसाल, स्व.सत्यनारायण जागेटिया की स्मृति में रक्तदान शिविर, निस्वार्थ सेवा भाव के लिए जागेटिया परिवार का सम्मान


भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। किसी अपने की स्मृति को सिर्फ श्रद्धांजलि तक सीमित रखने के बजाय उसे मानव सेवा से जोड़ना समाज के लिए मिसाल बन सकता है। स्वर्गीय सत्यनारायण जागेटिया की पुण्यतिथि पर जागेटिया परिवार की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में यही संदेश दिया गया। शिविर में रामस्नेही चिकित्सालय, ब्लड एवं कंपोनेंट सेंटर, भीलवाड़ा की टीम ने रक्त संग्रहण एवं आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाएं संभालीं। आचार्य जगद्गुरु स्वामी रामदयाल महाराज द्वारा रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, निरंतर सेवा और निःस्वार्थ सेवाभाव के लिए जागेटिया परिवार का विशेष सम्मान एवं अभिनंदन किया। सम्मान समारोह के दौरान आचार्य जगद्गुरु स्वामी रामदयाल महाराज ने सेवा में योगदान देने वालों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जरूरत है। समय पर उपलब्ध रक्त किसी मरीज और उसके परिवार के लिए बड़ी राहत बन सकता है। ऐसे में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को इससे जोड़ना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। आयोजक मुकेश जागेटिया ने बताया कि स्वर्गीय सत्यनारायण जागेटिया की पुण्यतिथि को सेवा कार्य से जोड़ते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। परिवार का उद्देश्य पुण्यतिथि को केवल स्मरण तक सीमित न रखकर समाजहित और मानव सेवा के कार्य से जोड़ना रहा। आयोजन के दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व की जानकारी भी दी गई तथा नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया गया।



Uploaded Image