Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

ढोल-नगाड़ों की थाप पर निकलेंगे नौगांवा सांवरिया, बेवाण में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

 

जलझूलनी महोत्सव की तैयारियां तेज, राधा अष्टमी 19 से शुरू होगा महोत्सव, 22 को चांदी की पोशाक में ठाकुरजी करेगे नगर भ्रमण

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) जिले के नौगांवा स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर में जलझूलनी वर महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। राधा अष्टमी से शुरू होने वाला यह धार्मिक उत्सव 22 सितंबर को ठाकुरजी के भव्य नगर भ्रमण और नौगांवा तालाब में जलझूलनी की परंपरा के साथ चरम पर पहुंचेगा। मंदिर ट्रस्ट और विभिन्न समितियां आयोजन को भव्य रूप देने में जुटी हैं। मंदिर के संरक्षक डीपी अग्रवाल ने बताया कि 19 सितंबर को राधा अष्टमी पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। इससे एक दिन पहले विशाल रात्रि जागरण होगा। भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु देर रात तक सांवरिया की भक्ति में झूमेंगे। पंडित रमाकांत शर्मा एवं प्रेम शर्मा के आचार्यत्व में ठाकुरजी का विशेष दुग्ध अभिषेक होगा। सुबह 9 बजे पंडित प्रकाश व्यास के सानिध्य में विश्व शांति के लिए हवन-पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर सांवरिया सेठ को चांदी की विशेष पोशाक धारण कराई जाएगी। संयोजक मदन गोपाल कालरा एवं मदन धाकड़ ने बताया कि 22 सितंबर को दोपहर 2.30 बजे बेवाण यात्रा मंदिर से नौगांवा तालाब के लिए रवाना होगी। यात्रा में हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े और कच्ची घोड़ी नृत्य मुख्य आकर्षण रहेंगे। श्रद्धालु साफा, चुनड़ और धोती-कुर्ता पहनकर बेवाण को कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण करेंगे। नौगांवा के चारभुजाजी और लक्ष्मीनारायणजी के बेवाण भी यात्रा में शामिल होंगे। सहसंयोजक श्रवण कुमार सेन एवं सुनील नवाल ने बताया कि बापूनगर के पदयात्रियों की ओर से दर्शनार्थियों के लिए जलपान की व्यवस्था रहेगी। वहीं नव सांवरिया सेना (पुर) एवं नवसेना/शिवसेना कार्यकर्ताओं की ओर से विशाल लंगर लगाया जाएगा। मंदिर परिसर में निशुल्क सेंगारी प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धालुओं के लिए कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था की जा रही है। बच्चों के लिए झूले-चकरी भी लगाए जाएंगे। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है। आयोजन को लेकर ट्रस्ट और समितियों के कार्यकर्ता व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मंदिर ट्रस्ट ने धर्मप्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर जलझूलनी महोत्सव में शामिल होने और धर्मलाभ लेने की अपील की है। 

 
Uploaded Image