Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

सावन महोत्सव में भक्ति के रंग में रंगा रानी सती दादी धाम, झूलों और झांकियों ने मोहा मन

 

 

 

सिंधारा-झूला उत्सव में गूंजे मंगल पाठ और जयकारे, बनारस की गायिका पायल अग्रवाल की प्रस्तुति से भक्तिमय हुआ माहौल, नृत्य एवं नौका विहार रहे आकर्षण

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) फूलों की खुशबू, आकर्षक सजावट और दादी के जयकारों के बीच दादी धाम रविवार को आस्था के रंग में सराबोर नजर आया। सावन के पावन अवसर पर आयोजित सिंधारा एवं झूला उत्सव में सुबह से ही श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। मंगल पाठ, भक्ति गीतों, झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। उत्सव की शुरुआत बनारस की प्रसिद्ध गायिका पायल अग्रवाल द्वारा रानी सती दादी के मंगल पाठ की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुई। मंगल पाठ के दौरान श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर नजर आए और पूरा दादी धाम जयकारों से गूंज उठा। पायल अग्रवाल ने मधुर स्वर में मंगल पाठ प्रस्तुत कर रानी सती दादी की महिमा का गुणगान किया। भक्ति गीतों और मंगल पाठ की भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को देर तक भक्ति रस में डुबोए रखा। दादीजी प्रचार समिति की ओर से आयोजित उत्सव में दादी जी का विशेष आकर्षक श्रृंगार किया गया। अलवर से आए संतोष खंडेलवाल ने मंदिर एवं दादी का मनमोहक श्रृंगार किया। फूलों, गजरों और आकर्षक सजावट से सजा दादी का दरबार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पुजारी शैलेन्द्र शुक्ला ने दादी की आरती की। उत्सव में पूजा अग्रवाल एवं निर्मला अग्रवाल ग्रुप तथा खुशबू एवं सोनाली पोद्दार ग्रुप की ओर से रानी सती दादी की विशेष झांकियां प्रस्तुत की गईं। दोनों झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। भक्ति गीतों पर कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां भी दीं। मशालें जलाकर की गई विशेष नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ा दिया। उत्सव में विशेष गजरा, मेहंदी उत्सव, चुनरी उत्सव, दादी का आकर्षक झूला, भक्तों के लिए झूले एवं दादी का नौका विहार प्रमुख आकर्षण रहे। मंगल पाठ के बाद महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया। दादी प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रदीप पौद्दार ने कहा कि सावन के पावन अवसर पर आयोजित उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दादी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी भक्तों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि मंगल पाठ से लेकर झांकियों और नृत्य प्रस्तुतियों तक पूरा आयोजन भक्ति एवं उत्साह से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं में समिति सदस्यों ने जिम्मेदारी के साथ सहयोग किया। आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं में अनिल सिंघल, राहुल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, देवेंद्र गोयल, गोविन्द, राजेश बंसल, मनीष पंसारी, प्रदीप झुंझुनुवाला, शिव खेमका एवं राकेश जागेटिया सहित समिति सदस्यों एवं दादी भक्तों का विशेष सहयोग रहा। उत्सव के दौरान हर हर नारायणी घर घर नारायणीऔर जय राणी सती दादीके जयकारों से दादी धाम गूंजता रहा।        

 
Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image