Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भीलवाड़ा जिले की सात नगर पालिकाओं में भाजपा का परचम, तीन में कांग्रेस ने बचाई लाज

 

निर्दलीयों ने बदले समीकरण, कहीं एक वोट से फैसला तो बनेड़ा में पर्ची से चुना अध्यक्षनिर्दलीयों ने बदले सियासी समीकरण

 

               भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) जिले की नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के चुनाव ने निकाय राजनीति की नई तस्वीर सामने रख दी। नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान कहीं कांटे की टक्कर देखने को मिली तो कहीं निर्दलीय पार्षदों के समर्थन ने सत्ता का समीकरण बदल दिया। दस पालिकाओं में भाजपा ने सात अध्यक्ष पद हासिल कर बढ़त बनाई, जबकि कांग्रेस तीन निकायों में बोर्ड बनाने में सफल रही। खास बात यह रही कि जहां कुछ पालिकाओं में बहुमत ने तस्वीर पहले ही साफ कर दी थी, वहीं कई जगह निर्दलीय पार्षदों के वोट निर्णायक साबित हुए। बनेड़ा में तो दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने के बाद पर्ची के जरिए अध्यक्ष का फैसला हुआ। आसींद, बीगोद, बनेड़ा, बिजौलिया, गुलाबपुरा, जहाजपुर और मांडलगढ़ में भाजपा के अध्यक्ष बने, जबकि हमीरगढ़, शाहपुरा और गंगापुर में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। हमीरगढ़ का परिणाम खास रहा, जहां चुनावी गणित में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी थी, लेकिन अध्यक्ष पद के लिए जरूरी समर्थन जुटाने में वह सफल नहीं रही और कांग्रेस ने बाजी मार ली। दूसरी ओर गंगापुर में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत होने से बोर्ड गठन का रास्ता पहले ही साफ था। कई जगहों पर अध्यक्ष पद का फैसला महज एक वोट के अंतर से हुआ, वहीं बनेड़ा में दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने के बाद छोटे बच्चों से पर्चियां निकलवाकर अध्यक्ष का निर्वाचन किया गया। अधिकतर पालिकाओं में निर्दलीय निर्णायक भूमिका में रहे। नगर निगम महापौर जसवंत कंवर पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी। जिले की नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के चुनाव संपन्न होने के बाद अब उपाध्यक्ष पद के चुनाव होंगे। अध्यक्ष पद के परिणामों ने जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच स्थानीय राजनीतिक समीकरण स्पष्ट किए हैं, वहीं निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण बनी हुई है। आगामी चुनाव में उपाध्यक्ष पद के लिए भी विभिन्न दलों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इस चुनाव में शाहपुरा विधायक डॉ.लालाराम बैरवा खुद अपनी पालिका नहीं बचा पाए। सहाड़ा विधायक लादूलाल पीतलिया को बड़ा झटका लगा है। उनके विधानसभा क्षेत्र की दोनों नगर पालिकाएं हमीरगढ़ और गंगापुर में कांग्रेस का बोर्ड बना है। गंगापुर में तो कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत था। हमीरगढ़ में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी थी, पर निर्दलियों का समर्थन नहीं जुटा पाए और बाजी कांग्रेस ने जीत ली।

 

आसींद में कांग्रेस पार्षदों ने नहीं लिया हिस्सा, भाजपा के सत्येंद्र सिंह बने अध्यक्ष

               आसींद नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस पार्षदों ने मतदान प्रक्रिया में भाग नहीं लिया। इसके चलते भाजपा के सत्येंद्र सिंह अध्यक्ष निर्वाचित हुए। भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्र सिंह को 17 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश गोखरू को कोई मत नहीं मिला। भाजपा ने अपने 17 मतों के अलावा 5 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन भी हासिल किया।

 

मांडलगढ़ में श्वेता डांगी की जीत, पूर्व अध्यक्ष की पत्नी बनीं पालिका अध्यक्ष

           मांडलगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की श्वेता डांगी ने जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस की जहरा फातिमा और निर्दलीय जूली ओस्तवाल को हराया। श्वेता डांगी को कुल 12 मत मिले। चुनाव में भाजपा को 12, निर्दलीयों को 6 और कांग्रेस को 2 मत प्राप्त हुए तरह भाजपा प्रत्याशी ने 6 मतों के अंतर से जीत हासिल की। श्वेता डांगी गृहिणी हैं और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष संजय डांगी की पत्नी हैं। संजय डांगी के पूर्व में अध्यक्ष रहने के बाद अब उनकी पत्नी श्वेता डांगी के अध्यक्ष निर्वाचित होने से डांगी परिवार की नगर पालिका राजनीति में भूमिका फिर चर्चा में गई है।

 

गुलाबपुरा में विष्णुदेवी वैष्णव एक वोट से विजयी

             गुलाबपुरा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की विष्णुदेवी वैष्णव ने एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी विष्णुदेवी को 35 में से 18 मत मिले, जबकि कांग्रेस से अलग होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहीं संतोष गुर्जर को 17 मत प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा समर्थकों ने विष्णुदेवी वैष्णव को बधाई दी। एसडीएम दिव्यराज सिंह ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

 

जहाजपुर में भाजपा की अलकेश वैष्णव विजयी, निर्दलीयों ने दिया समर्थन

        जहाजपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की अलकेश वैष्णव ने जीत दर्ज की। उन्हें कुल 23 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद देवी शर्मा को 2 मत प्राप्त हुए। भाजपा के पास अपने 15 मत थे और उसने 8 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन हासिल किया। कांग्रेस के तीन पार्षदों में से एक की क्रॉस वोटिंग की चर्चा भी सामने आई, जिससे कांग्रेस को नुकसान हुआ।

 

रमेश सेन शाहपुरा पालिका के अध्यक्ष बने

        शाहपुरा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी रमेश सेन ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया। आज नगर पालिका भवन में हुए मतदान में रमेश सेन को 18 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी बालमुकुंद तोषनीवाल को 17 मत प्राप्त हुए। इस तरह रमेश सेन ने एक मत के अंतर से जीत हासिल की। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। हाल ही में संपन्न हुए नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस ने शाहपुरा नगर पालिका में मजबूत प्रदर्शन करते हुए 35 में से 22 वार्डों में जीत दर्ज की थी। भाजपा को 8 सीटें मिली थीं, जबकि 5 पार्षद निर्दलीय निर्वाचित हुए थे।

 

बनेड़ा में बराबरी के बाद लॉटरी से तय हुआ अध्यक्ष, नन्हे बच्चों ने निकाली पर्चियां

        बनेड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव बेहद रोचक रहा। दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने के बाद अध्यक्ष पद का फैसला लॉटरी के माध्यम से किया गया। इस दौरान  वर्षा और नारायण नाम के दो बच्चों से पर्चियां निकलवाई गईं। लॉटरी के परिणाम के बाद राजाधिराज गोपाल चरण सिसोदिया को बनेड़ा नगर पालिका का प्रथम पालिकाध्यक्ष घोषित किया गया। बराबर मत मिलने के बाद लॉटरी से निर्वाचन होने के कारण यह चुनाव जिले के सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल रहा।

 

हमीरगढ़ में निर्दलीयों ने बदला समीकरण, कांग्रेस के प्रकाश जाट बने अध्यक्ष

            हमीरगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा। अध्यक्ष पद की चाबी निर्दलीय पार्षदों के हाथ में थी और सभी 5 निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जाट का समर्थन किया। मतदान में प्रकाश जाट को 12 मत मिले, जबकि भाजपा की रेखा परिहार को 8 मत प्राप्त हुए। निर्दलीयों के समर्थन से कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने 8, कांग्रेस ने 7 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 5 सीटों पर जीत हासिल की थी। अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीयों की भूमिका निर्णायक साबित हुई।

 

गंगापुर में कांग्रेस की प्रीति काकाणी ने 5 मतों से दर्ज की जीत

          गंगापुर नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की प्रीति काकाणी ने भाजपा की विकल सिंघवी को हराकर जीत हासिल की। प्रीति काकाणी को 15 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी विकल सिंघवी को 10 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार कांग्रेस प्रत्याशी ने 5 मतों से जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की विकल सिंघवी, कांग्रेस की प्रीति काकाणी और निर्दलीय रेखा हिरण चुनाव मैदान में थीं। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 25 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

 

बिजौलिया में स्नेहा तिवाड़ी ने एक वोट से हराया कांग्रेस प्रत्याशी को

          बिजौलिया नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की स्नेहा तिवाड़ी ने कांग्रेस की भूमिका सुवालका को एक वोट के अंतर से हराया। भाजपा की स्नेहा तिवाड़ी को 13 मत कांग्रेस की भूमिका सुवालका को 12 मत मिले। बिजौलिया में कुल 25 पार्षदों में भाजपा के 12, कांग्रेस के 11 और निर्दलीय के 2 पार्षद निर्वाचित हुए थे। अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ने मामूली अंतर से जीत हासिल की।

 

बीगोद में भाजपा के लोकेश नागौरी अध्यक्ष निर्वाचित

               बीगोद नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के लोकेश नागौरी विजयी रहे। उन्हें कुल 25 में से 16 मत मिले, जबकि कांग्रेस को 6 और निर्दलीयों को 3 मत प्राप्त हुए। भाजपा प्रत्याशी ने स्पष्ट बढ़त के साथ अध्यक्ष पद हासिल किया। चुनाव परिणाम के बाद भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।                          

 

Uploaded Image