Image 1
Image 2
Image 3
Image 4
Image 5

घोषणा से हकीकत तक... भामाशाह लालाराम अहीर ने ओज्याडा के हर विद्यार्थी को दी पहचान


15 अगस्त को किया था आई कार्ड का ऐलान, विद्यार्थियों को पहनाकर किया वितरण, विद्यालय विकास के लिए भी बढ़ाया सहयोग का हाथ

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जिले के हमीरगढ़ क्षेत्र में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ओज्याडा में भामाशाह की ओर से की गई घोषणा अब धरातल पर साकार हुई। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 को भामाशाह लालाराम अहीर ने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के आई कार्ड बनवाने की घोषणा की थी। घोषणा के अनुरूप आई कार्ड तैयार होने के बाद बुधवार को विद्यालय में सादे समारोह का आयोजन कर विद्यार्थियों को आई कार्ड वितरित किए गए। समारोह में भामाशाह लालाराम अहीर ने छात्र-छात्राओं को अपने हाथों से गले में आई कार्ड पहनाकर उनका वितरण किया। आई कार्ड प्राप्त करते ही विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस पहल से विद्यार्थियों को उनकी अलग पहचान मिलने के साथ विद्यालयी व्यवस्था में भी सुविधा होगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. भागचंद सोमानी ने भामाशाह लालाराम अहीर का पगड़ी एवं उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया। उन्होंने आई कार्ड जैसे उपयोगी एवं नेक कार्य के लिए भामाशाह का आभार जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के लिए आई कार्ड एक महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में कार्य करेगा। इससे प्रत्येक छात्र-छात्रा की विशिष्ट पहचान सुनिश्चित होने के साथ विद्यालयी गतिविधियों में भी इसका उपयोग किया जा सकेगा। प्रधानाचार्य डॉ. सोमानी ने बताया कि विद्यालय के विकास को लेकर भामाशाहों का सहयोग लगातार मिल रहा है। विद्यालय में भव्य मुख्य द्वार का निर्माण तथा खेल मैदान में टाइल्स लगाने का कार्य भी शीघ्र ही भामाशाहों के सहयोग से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग से विद्यालय का शैक्षणिक एवं भौतिक वातावरण और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा तथा विद्यार्थियों ने भामाशाह लालाराम जी अहीर के प्रति आभार व्यक्त किया।

Uploaded Image