जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, 5 खिलाड़ियों का राज्य स्तर के लिए चयन
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। कबड्डी के मैदान में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय आरजिया के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जिले में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। 70वीं जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता (19 वर्ष) में विद्यालय की छात्राओं की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि छात्रों की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के दम पर विद्यालय के 5 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल लाल गुर्जर ने बताया कि खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे शारीरिक शिक्षिका सरोज कुमारी जाट का मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण रहा। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन, टीमवर्क और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों में दम दिखाया। राज्य स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों में 19 वर्ष छात्र वर्ग से पंकज सेन और शिवराज कुमार माली, जबकि 17 वर्ष छात्र वर्ग से दिलकुश जाट शामिल हैं। वहीं 19 वर्ष छात्रा वर्ग से अलका तेली और कृष्णा गाडरी का चयन हुआ है। अब चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले और विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य, शारीरिक शिक्षिका, विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।




Social Plugin