Image 1
Image 2
Image 3
Image 4
Image 5

भीलवाड़ा में कांग्रेस ने बदली ग्रामीण सियासत की तस्वीर, सत्ता का डबल इंजन गांवों में हुआ फेल


जिला परिषद की 45 में से 31 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा, भाजपा 14 पर सिमटी, 16 में से 13 पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत, भाजपा अपने दो पुराने गढ़ ही बचा पाई

कांग्रेस के कमल सिंह ने सर्वाधिक 15,180 वोट लेकर दर्ज की बड़ी जीत, वार्ड 29 में सुनीता देवी कोशिक महज 11 मतों से जीतीं

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार, मजबूत संगठन और संघ की वैचारिक पृष्ठभूमि... इन सबके बावजूद भीलवाड़ा के गांवों में भाजपा मतदाताओं का भरोसा कायम नहीं रख पाई। पंचायत राज चुनाव के नतीजों ने जिले की ग्रामीण राजनीति का पूरा गणित बदल दिया। जिस जिले को भाजपा अपना मजबूत राजनीतिक आधार मानकर चल रही थी, वहां कांग्रेस ने जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए ग्रामीण सत्ता की तस्वीर बदल दी। जिला परिषद की 45 में से 31 सीटों पर कांग्रेस की जीत और 16 में से 13 पंचायत समितियों में बहुमत ने भाजपा के सामने संगठन, स्थानीय नेतृत्व और ग्रामीण जनाधार को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। पंचायत राज चुनाव 2026 के नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया कि सत्ता की चाबी केवल जयपुर और दिल्ली में बैठकर नहीं मिलती, बल्कि इसके लिए गांवों के मतदाताओं का भरोसा जीतना भी जरूरी है। कांग्रेस ने दमदार वापसी करते हुए जिला परिषद में 45 में से 31 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा महज 14 सीटों पर सिमट गई।  परिणामों में वार्ड 29 का मुकाबला सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। यहां कांग्रेस की सुनीता देवी कोशिक ने भाजपा की सरोज देवी को महज 11 वोटों से हराया। वहीं वार्ड 17 में कांग्रेस के सावर लाल जाट ने भाजपा के नेमीचंद जोशी को 4,110 वोटों से हराकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की। वार्ड 30 में कांग्रेस के कमल सिंह 15,180 वोट लेकर सभी 45 वार्डों में सर्वाधिक वोट हासिल करने वाले प्रत्याशी रहे। इस तरह ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस ने अपनी स्थिति मजबूत करते हुए भाजपा को उसके ही मजबूत माने जाने वाले क्षेत्र में पीछे धकेल दिया। सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब भी भीलवाड़ा जिला परिषद की कुर्सी पर भाजपा का जिला प्रमुख काबिज था। उस समय भाजपा ने सत्ता से बाहर रहते हुए भी ग्रामीण राजनीति में अपनी पकड़ बनाए रखी थी। लेकिन अब जब केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार है, तब जिला परिषद में कांग्रेस ने बाजी मार ली। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर डबल इंजन की रफ्तार गांवों तक पहुंचते-पहुंचते धीमी कैसे पड़ गई? क्या भाजपा का संगठन ग्रामीण मतदाताओं की नब्ज पहचानने में चूक गया या कांग्रेस ने स्थानीय समीकरणों को साधने में बाजी मार ली?
16 में से 13 पंचायत समितियों में कांग्रेस का परचम
              पंचायत समिति चुनाव के नतीजे भी भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका लेकर आए। जिले की 16 पंचायत समितियों में से कांग्रेस ने 13 में बहुमत हासिल कर ग्रामीण सत्ता पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। कांग्रेस ने जहाजपुर, मांडलगढ़, मांडल, रायपुर, हुरड़ा और बिजौलियां में अपना पुराना कब्जा बरकरार रखा। वहीं नवगठित शंभूगढ़, खजूरी और फूलिया कलां पंचायत समितियों में भी जीत दर्ज की। इतना ही नहीं, कांग्रेस ने भाजपा के कब्जे वाली सुवाणा, बनेड़ा, करेड़ा और शाहपुरा पंचायत समितियों को भी अपने पाले में खींच लिया। दूसरी ओर भाजपा केवल कोटड़ी और सहाड़ा में ही अपना पुराना किला बचा पाई। आसींद में भाजपा को समर्थन मिला, जबकि वर्ष 2020 के चुनाव में कांग्रेस ने निर्दलीय को समर्थन देकर प्रधान बनवाया था। इन नतीजों ने ग्रामीण राजनीति में बदलते समीकरणों को सामने ला दिया है। भाजपा को जहां अपने पुराने कब्जे वाली पंचायत समितियों में भी चुनौती का सामना करना पड़ा, वहीं कांग्रेस ने नए और पुराने दोनों क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी मजबूत की। राजनीतिक दृष्टि से इन परिणामों को जिले में दोनों दलों के स्थानीय नेतृत्व और संगठनात्मक रणनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेस ने बदला सियासी खेल, भाजपा के समीकरण ध्वस्त
                    पिछले पंचायत राज चुनाव में जिला परिषद की 37 सीटों में भाजपा ने 22 और कांग्रेस ने 15 सीटें हासिल की थीं। उस समय भाजपा का पलड़ा भारी था और कांग्रेस विपक्ष में रहते हुए अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी थी। लेकिन इस बार तस्वीर पूरी तरह बदल गई। कांग्रेस ने 31 सीटों के साथ जिला परिषद में मजबूत बढ़त बनाई, जबकि भाजपा 14 सीटों पर सिमट गई। पिछले चुनाव की तुलना में इस बार जिला परिषद की कुल सीटें भी बढ़कर 45 हो गईं। ऐसे में केवल सीटों की संख्या के आधार पर दोनों चुनावों की सीधी तुलना करने के बजाय बदले हुए राजनीतिक समीकरणों को भी समझना जरूरी है। हालांकि वर्तमान परिणामों में कांग्रेस की बढ़त और पंचायत समितियों में उसके बहुमत ने ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की मजबूत उपस्थिति को जरूर रेखांकित किया है। कांग्रेस की इस जीत को केवल सीटों की संख्या के रूप में देखना पर्याप्त नहीं होगा। यह ग्रामीण क्षेत्रों में बदले राजनीतिक समीकरणों, स्थानीय नेतृत्व की रणनीति और मतदाताओं के रुख का भी संकेत है। भाजपा के लिए यह आत्ममंथन का समय है कि आखिर संगठन की मजबूती के दावों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी को अपेक्षित समर्थन क्यों नहीं मिला। वहीं कांग्रेस के सामने इस जनादेश को संगठनात्मक मजबूती और ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ बनाए रखने में बदलने की चुनौती रहेगी।
पॉलिटेक्निक कॉलेज में खुली किस्मत, कहीं जश्न तो कहीं मायूसी
                  जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, तिलक नगर में शुक्रवार सुबह 8 बजे से कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई। जिला परिषद के 45 वार्डों में 111 प्रत्याशियों और जिले की 16 पंचायत समितियों के 288 वार्डों में 783 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ईवीएम से हुआ। इस तरह कुल 333 सदस्यों के चुनावी परिणाम सामने आए। मतगणना शुरू होते ही प्रत्याशियों और समर्थकों की धड़कनें तेज हो गईं। हर राउंड के साथ चुनावी तस्वीर साफ होती गई। अपने प्रत्याशी की बढ़त की सूचना मिलते ही समर्थकों में उत्साह नजर आया। कहीं जीत की खबर मिलते ही मिठाइयां बांटी गईं तो कहीं हार के बाद समर्थकों के चेहरों पर मायूसी छा गई। कांग्रेस खेमे में जीत का उत्साह दिखाई दिया, जबकि भाजपा खेमे में परिणामों को लेकर समीक्षा और हार के कारणों पर चर्चाएं शुरू हो गईं।
अब भाजपा के सामने सबसे बड़ा सवाल, आखिर चूक कहां हुई?
                          भीलवाड़ा के पंचायत राज चुनाव परिणामों ने भाजपा के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। संघ की मजबूत पृष्ठभूमि और संगठनात्मक प्रभाव वाले जिले में पार्टी को जिला परिषद और पंचायत समितियों में अपेक्षित सफलता क्यों नहीं मिली? क्या स्थानीय नेताओं के बीच तालमेल की कमी रही, क्या टिकट वितरण में कोई चूक हुई या ग्रामीण क्षेत्रों में जनता की नाराजगी चुनाव परिणामों में दिखाई दी? इन सवालों के जवाब अब भाजपा के संगठन और स्थानीय नेतृत्व को तलाशने होंगे। दूसरी ओर कांग्रेस के लिए यह परिणाम राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं। जिला परिषद में स्पष्ट बहुमत और 16 में से 13 पंचायत समितियों में बहुमत ने पार्टी को ग्रामीण राजनीति में अपनी स्थिति मजबूत करने का अवसर दिया है। लंबे समय से भाजपा के प्रभाव वाले माने जाने वाले जिले में कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक जमीन को विस्तार दिया है। फिलहाल पंचायत राज चुनाव के जनादेश ने भीलवाड़ा की ग्रामीण राजनीति में नए समीकरण बना दिए हैं। भाजपा के लिए यह परिणाम संगठन और रणनीति की समीक्षा का अवसर है, जबकि कांग्रेस के सामने इस जनसमर्थन को विकास और स्थानीय स्तर पर मजबूत राजनीतिक पकड़ में बदलने की जिम्मेदारी होगी। चुनाव ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि सत्ता में होना और जनता का समर्थन हासिल करना दो अलग-अलग बातें हैं। ग्रामीण मतदाताओं का फैसला अब जिले की आने वाली राजनीति की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।    
Uploaded Image Uploaded Image