Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भीलवाड़ा में कल से सजेगा बालिका बास्केटबॉल का राष्ट्रीय महाकुंभ, 221 खिलाड़ी दिखाएंगी दमखम



8 क्षेत्रों की 20 टीमें लेंगी हिस्सा, तीन आयु वर्गों में होंगे मुकाबले

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। बास्केटबॉल कोर्ट पर देशभर की बालिका खिलाड़ियों का दमखम देखने को मिलेगा। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की मेजबानी में 37वीं अखिल भारतीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता 9 से 13 अक्टूबर तक नगर निगम बास्केटबॉल मैदान में आयोजित होगी। राष्ट्रीय स्तर की इस स्पर्धा में देश के आठ क्षेत्रों की 20 टीमें भाग लेंगी। इनमें शामिल 221 बालिका खिलाड़ी 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर शुक्रवार शाम विद्यालय परिसर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें मुख्य वक्ता एसजीएफआई के उपाध्यक्ष एवं विद्या भारती के खेल संयोजक शमुखतेज सिंह बदेशा ने प्रतियोगिता की रूपरेखा साझा की। बदेशा ने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनका शारीरिक, प्राणिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक विकास करना है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच पर प्रदर्शन करने का अवसर देती हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रांतों और क्षेत्रों से आई बालिकाओं को इस आयोजन के माध्यम से एक-दूसरे की संस्कृति को जानने और खेल कौशल को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चयनित खिलाड़ी आगामी स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की राष्ट्रीय स्पर्धाओं में विद्या भारती का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रेस वार्ता में आयोजकों ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों और खेल कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही बालिका खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेलों के प्रचार-प्रसार में मीडिया की सकारात्मक भूमिका की सराहना करते हुए सहयोग की अपील की। इस दौरान विद्या भारती भीलवाड़ा के अध्यक्ष हीरालाल टेलर, राजस्थान खेल संयोजक सत्यनारायण मिश्रा, भूपेन्द्र सिंह, देवराज सिंह, कैलाश शर्मा, विराट सोनी, नरेश पाटीदार और संजय राठी मौजूद रहे।



Uploaded Image