Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

गोविंद मानमिया हमला मामला, गिरफ्तारी नहीं, दो दिनका अल्टीमेटम बेअसर

 

जिला अभिभाषक संस्था ने लिया न्यायिक बहिष्कार का निर्णय, 12 अक्टूबर को जिले की अधीनस्थ अदालतों में न्यायिक कार्य रहेगा ठप, अधिवक्ता नहीं करेंगे पैरवी

 

आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज, राजस्थानभर में न्यायिक कार्य के बहिष्कार की चेतावनी

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। अधिवक्ता गोविंद मानमिया पर हमला करने के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक की ओर से दो दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर जिला अभिभाषक संस्था ने सोमवार, 12 अक्टूबर को जिले की सभी अधीनस्थ अदालतों में न्यायिक कार्य के बहिष्कार का निर्णय लिया है। संस्था ने चेतावनी दी है कि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन को प्रदेशव्यापी किया जाएगा। जिला अभिभाषक संस्था अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़ के नेतृत्व में शुक्रवार को न्यायालय परिसर स्थित संस्था कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में अधिवक्ता गोविंद मानमिया पर हमले के मामले में अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताई गई। अध्यक्ष राठौड़ ने बताया कि हमले के आरोपी दुर्गालाल उर्फ अक्षय गुर्जर उर्फ विक्रम की पहचान होने और उसका साथ देने वाली महिला मारुति देवी सांसी की गिरफ्तारी के बावजूद मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। दो दिन पहले पुलिस अधीक्षक ने संस्था को आश्वस्त किया था कि दो दिन के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन तय समय में गिरफ्तारी नहीं होने से अधिवक्ताओं में रोष है। बैठक में पदाधिकारियों ने सख्त निर्णय लेते हुए 12 अक्टूबर को जिले की सभी अधीनस्थ अदालतों में न्यायिक कार्य नहीं करने का फैसला किया। इस दौरान अधिवक्ता न्यायालयों में पैरवी नहीं करेंगे और विरोध प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताएंगे। राठौड़ ने कहा कि यदि पुलिस ने अधिवक्ता पर हमले के आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया तो अधिवक्ता उग्र आंदोलन शुरू करेंगे। जरूरत पड़ने पर पूरे राजस्थान में न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया जाएगा। बैठक में संस्था उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, महासचिव पंकज दाधीच, रेवेन्यू महासचिव मनोहरलाल बुनकर, कोषाध्यक्ष रवि गोरानी, सह सचिव आदित्यसिंह चौहान, पुस्तकालय सचिव प्रताप तेली सहित मनोनीत सदस्य पंकज पंचोली, राघवेंद्रनाथ व्यास, ओमप्रकाश, वंदना आमेटा, पीरू सिंह गौड़ और आनंद शर्मा मौजूद रहे।   
Uploaded Image