8 अक्टूबर को भीलवाड़ा में बड़ा मार्च, धीरज गुर्जर ने भाजपा पर लोकतंत्र को पंगु बनाने का लगाया आरोप, ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार पर साधा निशाना
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस ने अब सड़क पर उतरने का ऐलान कर दिया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर भीलवाड़ा शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से 2 से 8 अक्टूबर तक चल रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जिसमें कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने भाजपा पर चुनाव आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए चेताया कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन को देशभर में और तेज करेगी। गुर्जर ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद से संवैधानिक संस्थाओं को सुनियोजित तरीके से प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी निष्पक्ष संस्था की स्वायत्तता को लेकर देशभर में रोष है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्हें सत्ता के हित में ‘टूल’ की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। गुर्जर ने चेतावनी दी कि यदि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को जल्द पद से नहीं हटाया गया और कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस देशभर में आंदोलन को और व्यापक करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के समापन पर 8 अक्टूबर को भीलवाड़ा में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा। गुर्जर ने बताया कि मार्च अंबेडकर सर्किल से शुरू होकर कलेक्ट्रेट पहुंचेगा। इसमें कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शहर कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम खटीक, याकुब मोहम्मद, संजय पेडीवाल, धर्मेन्द्र पारीक, कुणाल ओझा, मोहम्मद हारून, पार्षद निसार सिलावट, सत्यवीर सिह, योगेश सोनी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




Social Plugin