इंडिया गठबंधन के साथ संयुक्त कार्यक्रमों पर बनी रणनीति, प्रेस कॉन्फ्रेंस और जिला स्तरीय मार्च को लेकर मंथन
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। वोट और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे पर कांग्रेस ने भीलवाड़ा में आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत सोमवार को हुई बैठक में कांग्रेस ने विरोध मार्च की तैयारी तेज करने के साथ इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों को साथ लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने की रणनीति बनाई। इस दौरान आगामी संयुक्त बैठक, प्रेस कॉन्फ्रेंस और जिला स्तरीय विरोध मार्च की तैयारियों पर मंथन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने अभियान को जिलेभर में प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों से जोड़ने पर जोर दिया। जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा शहर अध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया। कुणाल ओझा ने अभियान के उद्देश्य और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताते हुए कांग्रेसजनों से लोकतंत्र एवं मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया। बैठक में अनिल राठी, धर्मेंद्र पारीक, संजय पेड़ीवाल, राजेंद्र जैन, पार्षद सत्यवीर सिंह राठौड़, योगेश सोनी, उस्मान पठान, दीपक पुरोहित, निसार सिलावट, शिव घावरी, नवनियुक्त शहर युवा अध्यक्ष अली हैदर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ समन्वय कर संयुक्त कार्यक्रम, प्रेस कॉन्फ्रेंस और जिला स्तरीय विरोध मार्च को व्यापक स्वरूप देने पर सहमति बनी।




Social Plugin