Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

देशभक्ति के सुरों से गूंजा महेश पब्लिक स्कूल, 19 स्कूलों के 200 बच्चों ने बांधा समां


समूहगान में सेंट्रल एकेडमी प्रथम, लोकगीत में एमएलडी पब्लिक स्कूल ने बाजी मारी

नवंबर में जयपुर की रीजनल प्रतियोगिता में भीलवाड़ा की टीम करेगी मध्य प्रांत का प्रतिनिधित्व

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
देशभक्ति के तरानों से गूंजता सभागार, राजस्थानी लोकगीतों पर थिरकते कदम और सुरों में राष्ट्रप्रेम का जज्बा... महेश पब्लिक स्कूल में भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत की प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान, संस्कृत समूह गान एवं लोकगीत प्रतियोगिता में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। प्रदेश के 19 विद्यालयों से पहुंचे करीब 200 विद्यार्थियों ने अपनी गायन प्रतिभा से समां बांध दिया। बच्चों ने ‘अपनी धरती अपना अंबर’, ‘जय जय हे भगवती’, ‘हम करें राष्ट्र आराधना’ और ‘जय भारत जननी’ जैसे देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। वहीं राजस्थानी लोकगीतों के साथ मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भी भर दिए। प्रांतीय मीडिया प्रभारी महेश जाजू ने बताया कि प्रतियोगिता में राजस्थान मध्य प्रांत के 19 विद्यालयों के करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में सजे बच्चों की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। प्रांतीय गतिविधि सदस्य समूह गान अनुज मुछाल एवं सुभाष मोटवानी ने बताया कि प्रतियोगिता में हिंदी एवं संस्कृत समूहगान के साथ लोकगीत प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रांतीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़ एवं प्रांतीय संयोजक संस्कार अरुण बाहेती ने बताया कि हिंदी एवं संस्कृत समूहगान के संयुक्त अंकों के आधार पर भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा की सेंट्रल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अजमेर शाखा की दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल टीम द्वितीय रही। संस्कृत समूहगान में स्वामी विवेकानंद शाखा भीलवाड़ा की सेठ मुरलीधर मानसिंहका कन्या विद्यालय टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हिंदी समूहगान में नेताजी सुभाष शाखा भीलवाड़ा की अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल टीम तृतीय रही। लोकगीत प्रतियोगिता में महाराणा प्रताप शाखा केकड़ी की एमएलडी पब्लिक स्कूल टीम ने प्रथम, विजय नगर स्वामी विवेकानंद शाखा की प्रज्ञा पब्लिक स्कूल टीम ने द्वितीय तथा चंद्रशेखर आजाद शाखा भीलवाड़ा की लॉर्ड्स कॉन्वेंट स्कूल टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रांतीय अध्यक्ष सतीश तापड़िया एवं प्रांतीय वित्त सचिव अमित सोनी ने बताया कि नवंबर में जयपुर में होने वाली रीजनल स्तर की प्रतियोगिता में भीलवाड़ा की सेंट्रल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम राजस्थान मध्य प्रांत का प्रतिनिधित्व करेगी। आयोजक शाखा अध्यक्ष पंकज लोहिया ने बताया कि कार्यक्रम में करीब 400 लोगों की सहभागिता रही। अध्यक्षता प्रांतीय उपाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल ने की। क्षेत्रीय पर्यवेक्षक के रूप में कमल जैन मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, सीए संदीप बाल्दी, राजेंद्र कचोलिया, दिनेश बागडोदिया, कृष्ण गोपाल जाखेटिया सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Uploaded Image