Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

श्रीनाथजी स्वरूप में सजे सांवरिया सेठ, दर्शन कर भावविभोर हुए श्रद्धालु


पीत-वस्त्र, मोरपंखी मुकुट और फूलों के श्रृंगार से सजा दरबार, 1 नवंबर को होगा दसवां पाठ उत्सव

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। नौगांवा स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर में सोमवार को भक्ति और आस्था का अलौकिक नजारा देखने को मिला। मंदिर में विराजमान प्रभु सांवरिया सेठ का श्रीनाथजी स्वरूप में मनोहारी श्रृंगार किया गया। पीत-वस्त्र, मोरपंखी मुकुट, बहुमूल्य आभूषण और रंग-बिरंगे सुगंधित फूलों से सजे प्रभु के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि प्रभु के दिव्य स्वरूप को लाल पृष्ठभूमि और चांदी के अलंकृत सिंहासन ने और आकर्षक बना दिया। गर्भगृह को पीले गेंदे और गुलाबी फूलों की मालाओं से सजाया गया। श्रीनाथजी स्वरूप में प्रभु के दर्शन होते ही श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर परिसर दिनभर ‘जय श्री सांवरिया सेठ’ के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर में आगामी 1 नवंबर को दसवां पाठ उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। उत्सव की तैयारियों को लेकर जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय करने के साथ विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा।
Uploaded Image