दूसरे दिन तालू में जयपुर ने जीते कई पदक, कल सेमीफाइनल-फाइनल में होगा चैंपियन का फैसला
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। सुखाड़िया स्टेडियम में चल रही 20वीं जूनियर राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुकाबले रोमांचक दौर में पहुंच गए। प्रदेशभर से आए बालक-बालिका खिलाड़ियों ने रिंग में दमखम दिखाया, लेकिन तालू वर्ग में जयपुर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सबसे ज्यादा प्रभावी रहा। कई मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक और आक्रामक खेल का प्रदर्शन कर अगले दौर में जगह बनाई। अब मंगलवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन पुरुष एवं महिला वर्ग के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे, जिनमें राज्य चौंपियन का फैसला होगा। राजस्थान वुशू संघ एवं भीलवाड़ा जिला वुशू संघ के तत्वावधान में 4 से 6 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में सोमवार को तालू और शान्शु वर्ग के मुकाबले हुए। राजस्थान वुशू संघ के अध्यक्ष हीरानंद कटारिया ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन अध्यक्ष गौरव आचार्य ने मुख्य अतिथि महिला थाना भीलवाड़ा की इंचार्ज मेघना त्रिपाठी का स्वागत किया। मुख्य अतिथि त्रिपाठी ने तालू वर्ग में पदक विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। आयोजन सचिव नरेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को प्रतियोगिता के निर्णायक मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन अध्यक्ष गौरव आचार्य ने बताया की प्रतियोगिता के अंतिम दिन मंगलवार को पुरुष एवं महिला वर्ग के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। इन मुकाबलों के बाद विभिन्न भार वर्गों में राज्य स्तरीय विजेताओं का फैसला होगा।




Social Plugin