1,061 महिलाओं-किशोरियों ने लिया हिस्सा, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, एनीमिया व संतुलित आहार पर जागरूकता
जिंक की पहल में स्थानीय व मौसमी खाद्य पदार्थों को बढ़ावा, पैकेज्ड स्नैक्स और मीठे पेय कम लेने की सलाह
उदयपुर/भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के स्वास्थ्य सेवा प्रोजेक्ट के तहत राजस्थान और उत्तराखंड के परिचालन क्षेत्रों में एक माह तक पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया गया। ‘मेरा गांव, स्वस्थ गांव’ पहल के तहत आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों को संतुलित पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई। कंपनी के अनुसार, अभियान के दौरान विभिन्न गांवों में आयोजित जागरूकता सत्रों, परामर्श और सामुदायिक गतिविधियों के जरिए 1,540 से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई। इनमें 1,061 से अधिक महिलाएं और किशोरियां शामिल रहीं। अभियान में गर्भवती महिलाओं, बच्चों और किशोरियों के पोषण, एनीमिया की रोकथाम, स्तनपान, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। विशेष सत्रों में जीवन के पहले 1,000 दिनों के महत्व, गर्भावस्था के दौरान पोषण, आयरन-कैल्शियम सप्लीमेंट, स्तनपान और बच्चों के उचित पोषण पर चर्चा की गई। किशोरियों को आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन और पर्याप्त पोषण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। ग्रामीणों को बाजरा, दालें, मौसमी सब्जियां, फल, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, सूखे मेवे और बीज जैसे स्थानीय व पौष्टिक खाद्य पदार्थ भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं शर्करा युक्त पेय, पैकेज्ड स्नैक्स और अत्यधिक प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित करने की सलाह दी गई। अभियान के दौरान महिलाओं, किशोरियों, बच्चों और अन्य ग्रामीणों ने पोषण शपथ लेकर परिवार व समुदाय में स्वस्थ खानपान और जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। स्वास्थ्य सेवा प्रोजेक्ट के तहत पोषण परामर्श के साथ जरूरत के अनुसार रेफरल और फॉलो-अप सहायता भी उपलब्ध कराई गई। अभियान में पंचायती राज संस्थानों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, समेकित बाल विकास सेवाओं, शिक्षा विभाग, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला पर्यवेक्षकों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों का सहयोग रहा। कंपनी के अनुसार, इससे पोषण जागरूकता गतिविधियों और सरकारी योजनाओं की ग्रामीण स्तर तक पहुंच को मजबूत करने में मदद मिली। हिंदुस्तान जिंक के अनुसार, कंपनी शिक्षा, कौशल विकास, आजीविका, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सामाजिक विकास कार्यक्रम संचालित कर रही है। कंपनी का दावा है कि इन पहलों के जरिए 4,100 से अधिक गांवों में 26 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई है। \




Social Plugin