विजेता टीम अब जयपुर राज्य स्तरीय क्विज में करेगी भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व
9 स्कूलों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, ईडन इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं की जोड़ी रही अव्वल
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। शहर के राजेन्द्र मार्ग विद्यालय में आयोजित इंटेक हेरिटेज क्विज में विद्यार्थियों ने देश, प्रदेश और जिले की ऐतिहासिक धरोहरों, कला एवं संस्कृति से जुड़े सवालों पर अपनी जानकारी परखी। दो राउंड में हुए मुकाबले के बाद ईडन इंटरनेशनल स्कूल की प्रियंका शर्मा और साक्षी कोली की जोड़ी ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। अब यह विजेता जोड़ी जयपुर में होने वाली राज्य स्तरीय हेरिटेज क्विज में भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व करेगी। इण्डियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एण्ड कल्चरल हेरिटेज (इंटेक) की ओर से राजेन्द्र मार्ग विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में देश की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को जानने-समझने के लिए आयोजित इंटेक हेरिटेज क्विज में 9 विद्यालयों के 95 विद्यार्थियों ने अपने विरासत ज्ञान का परिचय दिया। प्रतियोगिता में देश, प्रदेश और जिले के प्रमुख विरासत स्थलों से जुड़े सवालों ने विद्यार्थियों की जानकारी को परखा। इंटेक चेयरमैन अशोक ठाकुर एवं विरासत शिक्षा एवं संचार सेवा की निदेशक पूर्णिमा दत्त के निर्देशानुसार आयोजित प्रतियोगिता में इंटेक कन्वीनर बाबूलाल जाजू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐतिहासिक धरोहरें केवल पुरानी इमारतें नहीं, बल्कि हमारी कला, संस्कृति और पहचान की विरासत हैं। इन्हें संरक्षित करने के लिए युवा पीढ़ी को इनके इतिहास से परिचित होना जरूरी है। विद्यालय प्रतियोगिता प्रभारी गुमानसिंह पीपाड़ा एवं सुरेश सुराणा ने बताया कि प्रतियोगिता दो चरणों में हुई। पहले लिखित राउंड में सभी 95 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले 8 विद्यार्थियों का चयन दूसरे यानी ओरल राउंड के लिए हुआ। इसके बाद दो-दो विद्यार्थियों की टीम बनाकर मुकाबला कराया गया। ईडन इंटरनेशनल स्कूल की प्रियंका शर्मा और साक्षी कोली की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम को जयपुर में होने वाली राज्य स्तरीय हेरिटेज क्विज प्रतियोगिता में भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेन्द्र मार्ग, ईडन इंटरनेशनल स्कूल, डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय बालिका विद्यालय आटूण, श्री महेश शिक्षा सदन विद्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुभाष नगर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गुलमंडी और मयूर इंटरनेशनल स्कूल सहित 9 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को इंटेक मुख्यालय दिल्ली से प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। को-कन्वीनर श्यामसुंदर जोशी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की विरासत, इतिहास और संस्कृति से जोड़ना है। प्रतियोगिता में प्रीति जैन, कुसुम तिवाड़ी, प्राची नाहर, भाग्यश्री जैन, मीना त्रिवेदी, प्राचार्य राजेन्द्र गहलोत, चंद्रशेखर व्यास एवं विक्रम चौधरी का सहयोग रहा।




Social Plugin