Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी का विभिन्न संगठनों द्वारा हुआ भव्य नागरिक अभिनंदन


संख्या में कम, लेकिन देश की अर्थव्यवस्था और सेवा क्षेत्र में जैन समाज का बड़ा योगदान: आचार्य पुलकसागर महाराज

जीतो का चेयरमैन पद नहीं, उत्तरदायित्व है, सेवा, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण पर रहेगा जोर: संजय डांगी

जीतो के माध्यम से समाज सेवा को वैश्विक मंच, देश में 103 चैप्टर सक्रिय, संजय डांगी की मेहनत ने दिलाई देश के प्रमुख उद्योगपतियों में पहचान: महावीर चौधरी

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जिले की शाहपुरा की मिट्टी में पले-बढ़े और अपनी मेहनत के दम पर देश के आर्थिक जगत में पहचान बनाने वाले संजय डांगी का भीलवाड़ा में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) अपेक्स का चेयरमैन बनने के बाद पहली बार शहर पहुंचे डांगी का शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागर महाराज के सानिध्य में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों ने सम्मान किया। समारोह में समाजसेवा, शिक्षा, चिकित्सा और आर्थिक सशक्तिकरण के साथ सामाजिक समन्वय का संदेश भी गूंजा। नागरिक अभिनंदन समिति भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित समारोह में सनातन धर्म एवं वैश्य समाज सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने डांगी का अभिनंदन किया। इससे पहले दोपहर में हमीरगढ़ हवाई पट्टी पहुंचने पर जीतो भीलवाड़ा चैप्टर और जैन समाज के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। यहां से करीब 100 कारों की रैली के रूप में उन्हें सूर्य महल लाया गया। समारोह में आशीर्वचन देते हुए आचार्य पुलक सागर महाराज ने कहा कि जैन समाज देश की आबादी में एक प्रतिशत से भी कम होने के बावजूद कर योगदान और सेवा कार्यों के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जैन समाज की पहचान सेवा, उद्यमिता और परोपकार से है। तीर्थंकर ऋषभदेव और भगवान महावीर के सिद्धांतों ने समाज को यह दिशा दी है। आचार्यश्री ने कहा कि यह भारत की विशेषता है कि एक चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री बन सकता है और शाहपुरा जैसी छोटी जगह से निकला संजय डांगी जैन समाज का गौरव बन सकता है। भव्य स्वागत से अभिभूत जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी ने कहा कि भीलवाड़ा आकर अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। जिस मिट्टी ने चलना सिखाया, उसके सामने सिर झुकाने और जिस शहर ने पहचान दी, उससे रिश्ता निभाने आए हैं। उन्होंने कहा कि अपने समाज के लोगों से ऐसा अभिनंदन मिलेगा, इसकी कल्पना भी नहीं की थी। यह उनके लिए भावनात्मक पल है। डांगी ने अपने माता-पिता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मां ने हमेशा सभी के लिए अच्छा करने की सीख दी। गुरुजनों का आशीर्वाद और लोगों का स्नेह ही उनकी ताकत है। उन्होंने कहा कि जीतो अपेक्स चेयरमैन का पद उनके लिए कोई पद नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व है, जिसे सभी को साथ लेकर निभाया जाएगा। उन्होंने जीतो भीलवाड़ा चैप्टर की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि महावीर चौधरी ने इसे प्रतिष्ठित चैप्टर बनाया है और देश के दूसरे चैप्टर भी यहां की गतिविधियों का अनुसरण करते हैं। बदलते दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी तकनीकों के साथ कदमताल करना होगा। दस वर्ष आगे की सोच रखते हुए युवाओं की ऊर्जा और अनुभवी लोगों के मार्गदर्शन को साथ जोड़ना जरूरी है। समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी महावीर सिंह चौधरी ने आचार्य पुलक सागर महाराज को जन-संत बताते हुए कहा कि संजय डांगी की अथक मेहनत ने उन्हें देश के प्रमुख उद्योगपतियों में पहचान दिलाई है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक आधार पर सेवा कार्य करने वाला जीतो देश में 103 और विश्व में 28 चैप्टर के माध्यम से गतिविधियां संचालित कर रहा है। समारोह में सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, महापौर जसवंत कंवर और उपमहापौर राधेश्याम सोमानी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत नवकार महामंत्र के साथ हुई। संजय डांगी ने परिवारजनों के साथ आचार्य पुलकसागर महाराज का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। नागरिक अभिनंदन समिति की ओर से महावीरसिंह चौधरी, तिलोकचंद छाबड़ा, प्रवीण चौधरी, एसएन मोदानी, दिनेश नौलखा, पवन खेमका, डॉ. संपतलाल जैन और बाबूलाल जाजू सहित अन्य सदस्यों ने स्वागत किया।      

Uploaded Image Uploaded Image