Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

श्रीबाबाधाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, मां मंशापूर्णा के दरबार में भक्ति और गरबा की धूम

 

दानपेटी नहीं, सेवा का संदेश, महाआरती में शामिल हुए महापौर जसवंत कंवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी व एडीएम हरितिमा

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। मां मंशापूर्णा माताजी के जयकारों, भजनों की गूंज और गरबा की थाप के बीच श्री बाबाधाम में नवरात्रा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित महोत्सव में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन, महाआरती और गरबा में शामिल हो रहे हैं। मनोकामना पूर्ण होने पर भक्त पैदल चलकर मां के दरबार में पहुंच रहे हैं। सुबह से देर शाम तक मंदिर परिसर में भक्तों की रेलमपेल बनी हुई है। नवरात्रा के दौरान प्रतिदिन सुबह 7.15 बजे विशेष आरती की जाती है। इसके बाद पैदल आने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला शुरू हो जाता है। मां मंशापूर्णा माताजी के त्रिशूल पर लच्छा बांधकर मनोकामना मांगने और उसके पूर्ण होने पर भक्त श्रद्धा के साथ दरबार में पहुंचते हैं। मां के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठता है। सुबह 9.15 बजे श्री बाबा धाम के आचार्य पं. गौतम गोविंद एवं अन्य पंडितों के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन और आहुतियां दी जा रही हैं। मां अन्नपूर्णा वैष्णो देवी का विशेष मनमोहक श्रृंगार भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शाम को भजन संध्या में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूम उठे। चलो बुलावा आया है, नंगे-नंगे पांव चले आ गया रे मां तेरा पुजारी और मैया का दरबार सुहाना लगता है जैसे भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। शाम 7.15 बजे विशेष महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के बाद मां के दरबार में गरबा नृत्य का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने उत्साह के साथ भाग लिया। मंदिर परिसर से लेकर बाहर तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। रविवार को महाआरती में भीलवाड़ा की महापौर जसवंत कंवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, पूर्व पार्षद नरपत सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर हरितिमा सहित कई समाजसेवी, राजनेता और धर्मप्रेमी शामिल हुए। अतिथियों ने मां के दर्शन कर मंदिर की व्यवस्थाओं और प्रतिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री बाबाधाम की ख्याति देशभर में है और यहां की सेवा व्यवस्था सराहनीय है। मंदिर में दानपेटी नहीं होने तथा मनोकामना पूर्ण होने पर जरूरतमंदों को भोजन कराने, गायों को चारा खिलाने और पक्षियों को दाना डालने की परंपरा को भी सराहा। महाआरती और गरबा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के निर्देशन में विशेष व्यवस्था की गईं। गरबा प्रभारी राजेश नैनावटी के साथ कमल जैन, सावन नामा, सैंडी वर्मा और राहुल साहू ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। दर्शन व्यवस्था में हिमांशु नामा, भारत खोरल और अमित शर्मा सहित सेवादार जुटे रहे। महाआरती के बाद मेहंदी लेने वाले श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। संतान प्राप्ति की कामना से आए दंपतियों की गोद भराई की रस्म भी हुई। इसके बाद तलवार का झाड़ा लगाया गया। श्रद्धालुओं ने श्री बाबाधाम की चुटकी (भभूत) और अखंड ज्योत के घी को श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तों का उत्साह और मां के प्रति अटूट आस्था देखने को मिली।                      
Uploaded Image