Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भीलवाड़ा में बास्केटबॉल कोर्ट पर दिखेगा देशभर के खिलाड़ियों का दमखम


विद्या भारती की 37वीं अखिल भारतीय प्रतियोगिता का आगाज, 20 टीमें लेंगी हिस्सा, 13 अक्टूबर तक चलेंगे मुकाबले

संस्कारों के साथ खेल प्रतिभाओं को तराश रही विद्या भारती: विधायक अशोक कुमार कोठारी

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। बास्केटबॉल कोर्ट पर पांच दिन तक दिखेगा दमखम, कौशल और जीत का जुनून। देशभर की 20 टीमें खिताब पर कब्जा जमाने के इरादे से भीलवाड़ा में जुटी हैं। विद्या भारती की 37वीं अखिल भारतीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को आदर्श विद्या मंदिर, शास्त्रीनगर में आगाज हुआ। राष्ट्रीय स्तर के इस मुकाबले में खिलाड़ी अपने खेल कौशल और टीम भावना के दम पर श्रेष्ठता साबित करेंगे। भीलवाड़ा विद्या भारती संस्थान के अध्यक्ष हीरालाल टेलर व जिला सचिव देवराज सिंह राणावत ने बताया की संस्कारयुक्त शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की 37वीं अखिल भारतीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक अशोक कुमार कोठारी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्रीमती जसवंत कंवर उपस्थित रही। समारोह में एसजीएफआई के उपाध्यक्ष मुस्तफे सिंह बदेशा तथा क्षेत्रीय खेल संयोजक सत्यनारायण मिश्रा मंचासीन रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आई 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। यह आयोजन 13 अक्टूबर तक चलेगा। उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए विधायक अशोक कुमार कोठारी ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्या भारती संस्कारयुक्त शिक्षा के साथ खेलों के माध्यम से राष्ट्र के लिए स्वस्थ और सशक्त युवा तैयार कर रही है। इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। अतिथियों का स्वागत भीलवाड़ा विद्या भारती संस्थान के अध्यक्ष हीरालाल टेलर, जिला सचिव देवराज सिंह राणावत, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष कैलाश सराफ एवं सचिव अभिषेक जैन ने किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों ने घोष की धुन के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से संचलन किया। संचलन नगर निगम स्थित बास्केटबॉल मैदान पर पहुंचकर संपन्न हुआ। खिलाड़ियों के अनुशासित संचलन ने आयोजन को आकर्षक स्वरूप दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेश कुमार भट्ट ने बताया कि 9 से 13 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों की 20 टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन में विद्यालय के खेल प्रमुख भूपेंद्र सिंह, आचार्य रमाकांत तिवारी, अशोक कुमार, केदार प्रसाद व्यास सहित बड़ी संख्या में आचार्य, छात्र-छात्राएं और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। मंच संचालन भैरूलाल शर्मा ने किया। अंत मे विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।    
Uploaded Image