सेवा की एक और मंजिल, माहेश्वरी छात्रावास के द्वितीय तल का लोकार्पण, 40 बच्चों के भविष्य को संवार रहा
2017 से विद्यार्थियों को मिल रही निःशुल्क आवास, भोजन व परिवहन सुविधा
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। समाजसेवा सिर्फ मदद तक सीमित नहीं, बल्कि किसी के भविष्य को संवारने का संकल्प भी है। इसी सोच को जमीन पर उतारते हुए माहेश्वरी समाज के बालक छात्रावास ने सेवा की एक और मंजिल तय की। छात्रावास के द्वितीय तल का भव्य लोकार्पण हुआ। वर्ष 2017 से 40 बालकों को निःशुल्क आवास, भोजन और परिवहन सुविधा दे रहा यह संस्थान शिक्षा के साथ सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। द्वितीय तल के लोकार्पण के साथ अब इस सेवा प्रकल्प को और विस्तार मिला है। शहर के प्रतिष्ठित दानी सेठ श्रीगोपाल राठी एवं सहयोगियों ने फीता काटकर द्वितीय तल का लोकार्पण किया। समारोह में उमड़ी समाजजनों की भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच इस सेवा कार्य का स्वागत किया। आयोजन में समाज की एकजुटता और छात्रावास के प्रति लोगों का उत्साह साफ नजर आया। संस्थान के संस्थापक मंत्री रामकुमार जागेटिया ने छात्रावास की स्थापना से लेकर अब तक के सफर में योगदान देने वाले संस्थापक सदस्यों रामकुमार जागेटिया, ओमप्रकाश मालू, गोपाललाल तुरर्किया, रामराय सेठिया, एवं कैलाशचन्द्र काबरा के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति आभार जताया। उन्होंने अध्यक्ष सत्यनारायण मंत्री के नेतृत्व में संचालित छात्रावास की गतिविधियों और उपलब्धियों की सराहना की। संस्थापक मंत्री रामकुमार जागेटिया ने कहा कि अध्यक्ष सत्यनारायण मंत्री के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग से छात्रावास सेवा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। छात्रावास केवल बच्चों को रहने और भोजन की सुविधा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका बेहतर भविष्य गढ़ने का संकल्प लेकर काम कर रहा है। समाज के सहयोग और पदाधिकारियों की मेहनत से आज छात्रावास ने एक और महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किया है। आने वाले समय में इसे और बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित कर विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का मजबूत आधार तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा के ऐसे प्रकल्प समाज की एकजुटता और सामूहिक संकल्प की पहचान हैं। वक्ताओं ने कहा कि यह संस्थान आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के साथ बेहतर भविष्य की राह तैयार कर रहा है और समाज के अन्य सेवा प्रकल्पों के लिए भी प्रेरणास्त्रोत बनेगा। लोकार्पण समारोह में समाज के गणमान्य नागरिकों, पदाधिकारियों, युवाओं और समाजबंधुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।




Social Plugin