Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में हुई स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

 

 

 

 

मौसमी बीमारियों की रोकथाम, टीबी उन्मूलन एवं विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लक्ष्य समय पर पूर्ण करने के दिए निर्देश

 

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) जिला कलक्टर के निर्देशानुसार बुधवार को आईएमए हॉल में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रवीण झरवाल ने मानसून के दौरान संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण, आरक्षित बेड, एंटी-लार्वल गतिविधियों, ब्लड स्लाइड संग्रह, रोगी मिलने पर आसपास के क्षेत्रों में सर्वे तथा प्रत्येक रविवार को सूखा दिवस आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी चिकित्सा संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. प्रदीप कटारिया ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत हाई-रिस्क 449 गांवों में शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे, शहरी क्षेत्रों में स्क्रीनिंग बढ़ाने तथा अधिकाधिक निक्षय मित्र पंजीयन कराने के निर्देश दिए। बैठक में एनपी-एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत स्क्रीनिंग, सर्वाइकल कैंसर जांच, पॉजिटिव प्रकरणों की पोर्टल पर रिपोर्टिंग तथा आभा आईडी निर्माण में प्रगति बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक के दौरान टीकाकरण, परिवार कल्याण, एएनसी पंजीकरण, संस्थागत प्रसव, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा एवं जांच योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले चिकित्सा संस्थानों को शीघ्र सुधार लाने तथा सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीडीडब्ल्यूएच डॉ. अशोक खटवानी, डब्ल्यूएचओ की डॉ. स्वाती मित्तल, डीपीएम योगेश वैष्णव, डीपीओ सुमित श्रीमाली, डाटा मैनेजर तरुण चाष्टा सहित सीएमएचओ कार्यालय के अधिकारी एवं जिले के सभी ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधिकारी चिकित्सा अधिकारी प्रभारी उपस्थित रहे।                     
 
Uploaded Image