मां दुर्गा की आराधना के साथ दो दिन डांडिया की खनक पर देर रात तक झूमे कालोनीवासी, संस्कृति और संस्कारों का दिया संदेश
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। भक्ति के रंग, डांडिया की खनक और गरबा की थिरकन से सुजुकी एन्क्लेव सोसायटी का परिसर दो दिन तक उत्सवमय बना रहा। चित्तौड़गढ़ रोड स्थित गुरु नानक पेट्रोल पंप के सामने आयोजित दो दिवसीय गरबा महोत्सव में मां दुर्गा की आराधना के साथ महिलाओं और युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में गरबा-डांडिया खेलकर उमंग और उल्लास बिखेरा। गुजराती लोकगीतों, ढोल की थाप और आकर्षक रोशनी के बीच महोत्सव का समापन सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि उप महापौर राधेश्याम सोमानी, पार्षद मनीष छीपा, उद्योगपति रामपाल सोनी और त्रिलोकचंद छाबड़ा ने शिरकत की। समिति पदाधिकारियों ने अतिथियों का तिलक लगाकर और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। अतिथियों ने माता रानी की अखंड ज्योत के समक्ष दीप प्रज्वलित कर आरती की। अतिथियों ने कहा कि गरबा और डांडिया केवल नृत्य नहीं, बल्कि भारतीय आस्था, समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। समिति अध्यक्ष संजय राठी और कोषाध्यक्ष अनुज मुछाल ने बताया कि महोत्सव में युवाओं और महिलाओं ने पारंपरिक चनिया-चोली, कुर्ती-पायजामा और पगड़ी पहनकर डांडिया रास में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम प्रभारी कविता जैन और शिखा अग्रवाल ने बताया कि गुजराती लोकगीतों व भक्तिमय संगीत पर देर रात तक गरबा चलता रहा। अंत में सहसचिव श्याम समदानी ने सभी का आभार जताया।




Social Plugin