Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

आईसीएआई के 78वें स्थापना दिवस पर सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकारों का संगम

 

 

वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का सम्मान, 91 यूनिट रक्तदान, निःशुल्क नेत्र जांच एवं पौधारोपण सहित विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

  

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) देश की प्रतिष्ठित वित्तीय संस्था दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के 78वें स्थापना दिवस को भीलवाड़ा शाखा द्वारा बुधवार को उत्साह, गरिमा और सामाजिक सरोकारों के साथ धूमधाम से मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान, रक्तदान शिविर, निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान तथा पौधारोपण जैसे विभिन्न आयोजन किए गए। दिनभर चले इन कार्यक्रमों में 200 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, विद्यार्थियों एवं आमजन ने भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष सीए दिनेश सुथार द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इस दौरान शाखा के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में सीए विद्यार्थी उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान एवं आईसीएआई के गौरवशाली इतिहास का स्मरण किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे में दीर्घकालीन और उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ सदस्यों सीए गोपीलाल पेमावत एवं सीए भूपेन्द्र जैन का उपरना, स्मृति चिन्ह और सम्मान सामग्री भेंट कर अभिनंदन किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनके अनुभवों और संस्था के प्रति योगदान को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (सीआईआरसी) के सचिव सीए निर्भीक गांधी का भी शाखा की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में शाखा अध्यक्ष सीए दिनेश सुथार ने कहा कि आईसीएआई देश की आर्थिक व्यवस्था और वित्तीय अनुशासन का एक मजबूत स्तंभ है। संस्था ने पिछले 78 वर्षों में अपनी विश्वसनीयता, पारदर्शिता और उत्कृष्ट कार्यशैली के माध्यम से देश और दुनिया में एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा शाखा सदैव अपने सदस्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम के सफल संचालन में कमेटी सदस्यों सहित सीए आलोक पलोड़, सीए नवीन काकानी, सीए सुरेश कोगटा, शाखा के सभी पूर्व अध्यक्षों, विद्यार्थियों एवं समस्त सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए भीलवाड़ा शाखा द्वारा एक पेड़ मां के नामअभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया। सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया। समारोह में 200 से अधिक सीए सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे सेवा, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। आईसीएआई के 78वें स्थापना दिवस का यह आयोजन केवल संस्था के गौरवशाली इतिहास का उत्सव बना, बल्कि समाज सेवा और जन जागरण का भी एक प्रेरणादायक संदेश देकर गया।

खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित

               शाखा सचिव सीए पुलकित राठी ने बताया कि सीए डे के उपलक्ष्य में पिछले एक माह से सदस्यों और विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा था। इनमें क्रिकेट, बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस, पिकलबॉल और फुटबॉल जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रही। स्थापना दिवस समारोह के दौरान इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उपविजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का संचालन चीफ कोऑर्डिनेटर सीए नरेश जागेटिया ने किया।

रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह, 91 यूनिट रक्त संग्रहित

               कार्यक्रम की विशेष उपलब्धियों में से एक रक्तदान शिविर रहा, जिसका आयोजन रामस्नेही चिकित्सालय के सहयोग से किया गया। शिविर में सीए सदस्यों, विद्यार्थियों और आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रक्तदान के प्रति लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और कुल 91 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में मिला स्वास्थ्य लाभ

  स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा प्रतिभागियों की आंखों की जांच की गई और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर का लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया। इसके अतिरिक्त, डॉ. पवन ओला ने उपस्थित लोगों को हृदय स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने हृदय रोगों से बचाव, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला।                                    

Uploaded Image Uploaded Image