रंग-बिरंगे परिधानों में महिलाओं ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, गणगौर प्रतियोगिता की प्रतिभागियों और प्रतिभावान महिलाओं का हुआ सम्मान
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। मां दधिमथी के दरबार में भक्ति, संस्कृति और नारी शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। अखिल भारतीय दाहिमा दाधीच ब्राह्मण महासभा के महिला प्रकोष्ठ की ओर से आजादनगर स्थित मंदिर में आयोजित गरबा महोत्सव में रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को आकर्षक बना दिया। उत्साह और उमंग से सराबोर आयोजन में गणगौर प्रतियोगिता की प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने के साथ प्रतिभावान महिलाओं का सम्मान भी किया गया। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सावित्री शर्मा ने बताया कि मां दधिमथी के चरणों में आयोजित गरबा महोत्सव दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक चला। इसमें विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने अपने निर्धारित ड्रेस कोड में सजधज होकर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में गणगौर प्रतियोगिता में भाग लेने वाली महिलाओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही समाज की प्रतिभावान महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में मंजू शर्मा प्रशासक के रूप में मुख्य अतिथि रहीं, जबकि अध्यक्षता अंजू तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मंजू कंठ, पार्षद नेहा जोशी, वैज्ञानिक अधिकारी श्वेता दाधीच और भजन गायिका चंदा दाधीच सहित समाज की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजकों ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखना और महिला प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम के समापन पर स्नेहभोज का आयोजन भी किया गया।




Social Plugin