Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

हिंदुस्तान जिंक की पहल, पांच क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, 1,263 लोगों को मिला उपचार

 

ममता एचआईएमसी के सहयोग से ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श, जांच और निःशुल्क दवाइयां कराई उपलब्ध

 

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने ममता एचआईएमसी के सहयोग से राजस्थान और उत्तराखंड के पांच प्रमुख परिचालन क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए। अगूचा, चंदेरिया, जावर, दरीबा और पंतनगर में आयोजित इन शिविरों में कुल 1,263 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें 766 महिलाएं और 497 पुरुष शामिल हैं। शिविरों में स्त्री रोग, अस्थि रोग, नेत्र रोग और सामान्य चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। इसके साथ ही नेत्र जांच, हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और ब्लड शुगर की जांच की गई। जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं, जिससे उन्हें समय पर उपचार और राहत मिल सके। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो, इसके लिए घर से शिविर तक आने-जाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना और किसी भी व्यक्ति को आवश्यक उपचार से वंचित नहीं रहने देना रहा। हिंदुस्तान जिंक की यह पहल केवल चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि समुदायों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। कंपनी और ममता एचआईएमसी के संयुक्त प्रयासों से ग्रामीण एवं आदिवासी समुदायों की स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच मजबूत हो रही है। साथ ही लोगों को समय पर जांच कराने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।                           
Uploaded Image