112 मत हासिल कर दर्ज की जीत, उत्कर्ष सोमानी सचिव और केशव झंवर वरिष्ठ उपाध्यक्ष निर्वाचित
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। युवा नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए तिलक नगर माहेश्वरी युवा संगठन ने 22 वर्षीय रोहन माहेश्वरी (पोरवाल) को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। सांवरिया रिसोर्ट में हुए चुनाव में रोहन ने 112 मत हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वी पंकज झंवर को 37 मतों से पराजित किया। चुनाव में कुल 189 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें एक मत निरस्त हुआ, जबकि एक टेंडर मत डाला गया। उत्कर्ष सोमानी सचिव और केशव झंवर वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। चुनाव अधिकारी शिव कास्ट ने बताया कि नगर माहेश्वरी युवा संगठन, भीलवाड़ा के निर्देशानुसार चुनाव अधिकारी भगवान मालू, सुंदर लाल अजमेरा और रामपाल काबरा की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए रोहन माहेश्वरी (पोरवाल) को 112 और पंकज झंवर को 75 मत मिले। चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में तिलक नगर क्षेत्रीय सभा के अध्यक्ष अशोक तुरकिया, सचिव सुशील बांगड़ और समस्त कार्यकारिणी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। अध्यक्ष निर्वाचित होने पर रोहन माहेश्वरी ने समाज के वरिष्ठजनों, समाज बंधुओं और युवा साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि समाज की एकता, विश्वास और युवा शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने चुनाव में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए समाज हित में समर्पित भाव से कार्य करने का भरोसा दिलाया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज में एकता मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और संगठन को नई दिशा देने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। सभी विजयी पदाधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग के लिए नगर माहेश्वरी युवा संगठन, तिलक नगर क्षेत्रीय सभा के अध्यक्ष अशोक तुरकिया, सचिव सुशील बांगड़ सहित समस्त कार्यकारिणी, समाजजनों का आभार जताया।




Social Plugin