कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा का साहित्य भेंट कर किया अभिनंदन, कोटा मॉडल पर हुई चर्चा, विधायक कोठारी ने मांगा मार्गदर्शन
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। कोटा की तर्ज पर भीलवाड़ा के विकास की संभावनाओं को लेकर बुधवार को दोनों शहरों के विधायकों के बीच चर्चा हुई। कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा के भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी के कार्यालय पहुंचने पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान विकास कार्यों, जनसमस्याओं के समाधान और जनसेवा के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ। विधायक कोठारी ने शर्मा से कोटा में हुए विकास कार्यों के अनुभव साझा करने और भीलवाड़ा के विकास के लिए सुझाव देने का आग्रह किया। विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा एवं उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल का साहित्य भेंट कर भावपूर्ण स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान दोनों विधायकों के बीच राजनीतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई। विधायक संदीप शर्मा ने भीलवाड़ा में विधायक कोठारी की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों, जनसेवा के प्रयासों और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित रूप से की जा रही जनसुनवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में आमजन की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए सक्रिय रहना जनसेवा का महत्वपूर्ण पहलू है। विधायक कोठारी ने शर्मा के साथ आए निजी सचिव मंजू शर्मा, अमित शुक्ला एवं राजेंद्र शर्मा का भी साहित्य भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर कोटा के विकास अनुभवों के आधार पर भीलवाड़ा में विकास की संभावनाओं पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में पंडित अशोक व्यास, पुजारी मुरारी पांडे, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, निजी सहायक गजेंद्र सिंह राठौड़, सुंदरलाल बम्बोड़ा, पार्षद बिलेश्वर डाड, दिनेश सुथार, सुभाष बाहेती, संजय राठी, कैलाश जीनगर, राजकुमार त्रिवेदी, मोहम्मद असलम, एडवोकेट राघव आचार्य, गोविंद पुरोहित और मीडिया प्रभारी दिलीप सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




Social Plugin