Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

एआई से नहीं घटेंगे अवसर,बल्कि और मजबूत होगा सीए प्रोफेशन: सीए सौरभ अजमेरा

 

आईसीएआई भीलवाड़ा ब्रांच द्वारा सीए विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक इंटरैक्टिव सेशन आयोजित

 

 

इंटरैक्टिव सेशन में 100 से अधिक विद्यार्थियों और सदस्यों ने लिया भाग, परीक्षा तैयारी और करियर पर मिला मार्गदर्शन

 

 भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) भीलवाड़ा ब्रांच ऑफ आईसीएआई द्वारा सीए विद्यार्थियों के लिए एक विशेष इंटरैक्टिव सेशन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि चेयरमैन WIRC of ICAI सीए सौरभ अजमेरातथा विशिष्ट अतिथि सेक्रेटरी, CIRC of ICAI सीए निर्भीक गांधी, उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 100 से अधिक सीए विद्यार्थियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि सीए सौरभ अजमेरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में Artificial Intelligence को लेकर अनेक प्रकार की भ्रांतियाँ हैं। उन्होंने कहा कि एआई चार्टर्ड अकाउंटेंसी प्रोफेशन के अवसरों को कम नहीं करेगा, बल्कि यह चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के कार्य को अधिक प्रभावी, तेज़ और गुणवत्तापूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भविष्य में टैक्सेशन, ऑडिट, फॉरेंसिक ऑडिट, स्टार्टअप्स, फाइनेंशियल कंसल्टिंग, रिस्क मैनेजमेंट, डेटा एनालिटिक्स, वैल्यूएशन तथा अन्य कई क्षेत्रों में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध रहेंगे। इसलिए विद्यार्थियों को नई तकनीकों को अपनाने के साथ-साथ अपने ज्ञान एवं कौशल को निरंतर विकसित करना चाहिए। उन्होंने आगामी सीए परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण टिप्स देते हुए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, आईसीएआई स्टडी मटेरियल पर विशेष ध्यान, बार-बार रिवीजन, मॉक टेस्ट एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि अनुशासित एवं निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में सीए सौरभ अजमेरा ने अपनी जीवन यात्रा भी विद्यार्थियों के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि प्रोफेशनल जीवन में चुनौतियाँ प्रत्येक व्यक्ति के सामने आती हैं, लेकिन दृढ़ संकल्प, सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम के बल पर हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने अपने संघर्ष, सीखने के अनुभव तथा नेतृत्व की यात्रा का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सीए निर्भीक गांधी ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी देश के सबसे प्रतिष्ठित एवं सम्मानित प्रोफेशन्स में से एक है। बदलते आर्थिक एवं तकनीकी परिवेश में योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रोफेशनल एथिक्स, सतत अध्ययन एवं नई तकनीकों को अपनाने पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एआई परीक्षा की तैयारी, करियर विकल्प, प्रैक्टिस, इंडस्ट्री तथा प्रोफेशन से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका दोनों अतिथियों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया। यह इंटरैक्टिव सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक सिद्ध हुआ। इस अवसर पर भीलवाड़ा ब्रांच के चेयरमैन सीए दिनेश सुथार ने कहा कि ये भीलवाड़ा के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि सौरभ अजमेरा भीलवाड़ा के भोजरास गाँव से मुंबई जाकर आईसीएआई के वेस्टर्न रीज़न जिसमें 1.5 लाख से ज्यादा सीए और 3 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों का प्रतिनिधत्व कर रहे है जो संख्या की दृष्टि से पूरे भारत के सदस्यों और विद्यार्थियों का लगभग एक तिहाई से ज्यादा है। शाखा का उद्देश्य विद्यार्थियों को श्रेष्ठ मार्गदर्शन उपलब्ध कराना तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों से जोड़ना है, जिससे वे बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में ऐसे शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। अंत में ब्रांच के सचिव सीए पुलकित राठी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सीए सत्यनारायण लाठी, सीए आलोक सोमानी, सीए नवीन वगेरीचा, सीए मनीष जिंदल, सीए सुनील सोमानी, सीए मुरली अटल, सीए अक्षय सोडानी एवं सीए अवधेश शर्मा सहित शाखा के वरिष्ठ सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में 100 से अधिक सीए विद्यार्थियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।        

Uploaded Image