महाआरती के साथ नवरात्रि महोत्सव संपन्न, ममता भंडारी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। मां दुर्गा की आराधना, कन्या पूजन और भजनों की गूंज के बीच रोडवेज बस स्टैंड स्थित दुर्गा माता मंदिर शक्ति धाम में शारदीय नवरात्रि का समापन श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। मंदिर में 101 कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोज कराया गया। भजन गायिका ममता भंडारी की प्रस्तुतियों और महाआरती के दौरान पूरा परिसर माता रानी के जयकारों से गूंज उठा। महंत पंडित सत्यनारायण कुदाल के सानिध्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी के जयकारे लगाए। आयोजन के तहत विधि-विधान से कन्याओं का स्वागत कर उनके चरण पखारे गए। इसके बाद कुमकुम का तिलक लगाकर पूजन किया गया तथा उन्हें विशेष प्रसादी भोज कराया गया। कन्याओं को उपहार स्वरूप वस्त्र एवं अन्य सामग्री भी भेंट की गई। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायिका ममता भंडारी ने मां दुर्गा की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। पूरा मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजता रहा। इसके बाद महाआरती की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने सहभागी बनकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महंत पंडित सत्यनारायण कुदाल ने बताया कि नवरात्रि के समापन पर कन्या पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जाती है। कन्या भोज के माध्यम से श्रद्धालु देवी के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण प्रकट करते हैं। आयोजन के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। भक्तों ने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। कन्या पूजन, भजन संध्या और महाआरती के साथ शक्ति धाम में शारदीय नवरात्रि महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।




Social Plugin