अष्टधातु की माताजी की प्रतिमा के साथ 51 वाहनों की शोभायात्रा निकली, महाआरती में उमड़े श्रद्धालु, नवरात्रा महोत्सव संपन्न
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। मां के जयकारे, हवन की आहुतियां और कन्या पूजन के साथ श्री बाबा धाम में नवरात्रा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के चरम पर नजर आया। महोत्सव के समापन पर 1100 कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन प्रसादी करवाई गई, वहीं उनके माता-पिता को बेटियों की रक्षा, शिक्षा और आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाने का संकल्प दिलाया गया। अष्टधातु की माताजी की प्रतिमा के साथ निकली शोभायात्रा और शाम को हुई महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान मां के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्री बाबा धाम के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित महोत्सव के दौरान मंदिर को विशेष विद्युत सजावट और रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया। नौ दिनों तक माताजी का विशेष श्रृंगार किया गया। प्रतिदिन सुबह आरती के बाद 9.15 बजे से हवन-पूजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की। नवमी के अवसर पर आचार्य गोविंद गौतम एवं अन्य पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन की पूर्णाहुति करवाई। इसके बाद कन्या पूजन किया गया। कन्याओं के पैर धोकर तिलक लगाया गया और चुनरी ओढ़ाकर फल भेंट किए गए। अध्यक्ष विनीत अग्रवाल ने स्वयं कन्याओं को भोजन प्रसादी करवाई। इस दौरान 1100 कन्याओं के माता-पिता को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटियों को आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाने का संकल्प भी दिलाया गया। महोत्सव के दौरान मां की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा की घट स्थापना की गई थी। अंतिम दिन दोपहर 3.15 बजे 51 चौपहिया वाहनों के साथ प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, पटाखों और गुलाल के बीच श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। मंत्रोच्चार एवं हवन-पूजन के बाद प्रतिमा को पुनः श्री बाबा धाम लाया गया, जहां उसकी नियमित पूजा-अर्चना की गई। अष्टधातु की प्रतिमा के दर्शन और फोटो लेने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, आगामी वर्षों में भी इसी प्रतिमा के साथ नवरात्रा में घट स्थापना की जाएगी। मीडिया एवं गरबा प्रभारी राजेश नेनावटी ने बताया कि नवरात्रा के दौरान गरबा आयोजन में आकर्षक वेशभूषा और उत्कृष्ट नृत्य करने वाले प्रतिभागियों का अध्यक्ष विनीत अग्रवाल एवं चयन समिति ने विभिन्न वर्गों में चयन किया। महाआरती के बाद विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। शाम 7.15 बजे महाआरती हुई। इसके बाद तलवार का झाड़ा लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन में विधायक अशोक कोठारी, महापौर जसवंत कंवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, गांधीनगर थाना से पुष्पा कसौटिया, पार्षद मिथलेश देवी, राजलक्ष्मी एवं खुशबू कोठारी सहित समाजसेवी मदन गोपाल कालरा, अपर्णा शर्मा, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। मां के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच नवरात्रा महोत्सव का समापन हुआ।




Social Plugin