Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

भीलवाड़ा में 25 अक्टूबर को सजेगा फिटनेस का महाकुंभ, देशभर के 500 बॉडीबिल्डर दिखाएंगे दमखम

 

 

‘डेविल फिट एक्सपो-2026’, ढाई लाख रुपए के नकद पुरस्कार, मिस्टर नॉर्थ इंडिया और मिस्टर भीलवाड़ा चैंपियनशिप होंगी आकर्षण

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में 25 अक्टूबर को ताकत, दमखम और फिटनेस का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जहां देशभर के बॉडीबिल्डर्स अपनी मांसपेशियों और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। मिस्टर ओलंपिया खिलाड़ी एवं नेशनल बॉडीबिल्डर मोहम्मद अकरम खान (डेविल अक्की) के नेतृत्व में सुखाड़िया स्टेडियम में आयोजित होने वाले ‘डेविल फिट एक्सपो-2026’ में करीब 500 महिला-पुरुष खिलाड़ियों के जुटने की संभावना है। मिस्टर नॉर्थ इंडिया और मिस्टर भीलवाड़ा बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप सहित विभिन्न मुकाबलों में विजेताओं को कुल ढाई लाख रुपए के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजन को लेकर युवाओं और खेल प्रेमियों में उत्साह है। एक्सपो का उद्देश्य राजस्थान में फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी शारीरिक क्षमता, मेहनत और हुनर दिखाने के लिए राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है। एक्सपो का मुख्य आकर्षण ‘मिस्टर नॉर्थ इंडिया बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप’ और ‘मिस्टर भीलवाड़ा बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप’ रहेंगी। इनमें राजस्थान सहित दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हैदराबाद से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पुरुष बॉडीबिल्डिंग, क्लासिक फिजिक, मेंस फिजिक, महिला बॉडीबिल्डिंग, डेनिम कैटेगरी और फ्रेशर्स बॉडीबिल्डिंग सहित विभिन्न श्रेणियों में मुकाबले होंगे। बॉडीबिल्डिंग के साथ खिलाड़ियों की ताकत और तकनीक को परखने के लिए डेडलिफ्ट चैंपियनशिप और आर्म रेसलिंग (पंजा लड़ाने) की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के लिए अब तक करीब 150 खिलाड़ियों का पंजीयन हो चुका है। आयोजन में लगभग 500 खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। एक्सपो के संस्थापक मोहम्मद अकरम खान (डेविल अक्की) फिटनेस और बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में अपने अनुभव के आधार पर वे भीलवाड़ा में खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं। यह आयोजन शहर को प्रदेश के प्रमुख बॉडीबिल्डिंग एवं फिटनेस केंद्र के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति की दीपिका ओझा, महेंद्र प्रताप सिंह, सिद्धार्थ लोढ़ा, महबूब खान, गिरीश गारू सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।                     
Uploaded Image